सहारनपुर

प्रभारी मंत्री ने की केंद्रीय बजट पर पत्रकारों से वार्ता

भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है बजट: शर्मा ं

शहरी चौपाल ब्यूरो

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के मंत्री, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग तथा जनपद के प्रभारी मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने केंद्रीय बजट को देश के सर्वांगीण विकास, डिजिटल सशक्तिकरण और जनकल्याण को गति देने वाला बताया। प्रभारी मंत्री सुनील कुमार शर्मा सर्किट हाऊस सभागार में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने बजट के 20 बिंदुओं को विशेष बताते हुए कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट किसानों, युवाओं, महिलाओं, मध्यम वर्ग और उद्यमियों के लिए नए अवसर सृजित करेगा तथा भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि बजट से युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे, स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा तथा गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दवाइयों की उपलब्धता बढ़ेगी। इसके साथ ही कई नए मेडिकल कॉलेज खोले जाने का भी प्रावधान किया गया है। मंत्री ने बताया कि बजट के अंतर्गत 1000 मान्यता प्राप्त नैदानिक प्रशिक्षण स्थलों का नेटवर्क विकसित किया जाएगा। भारत कोष में 200 करोड़ रुपये की अतिरिक्त पूंजी का प्रस्ताव रखा गया है, वहीं लघु एवं मध्यम उद्योगों (एसएमई) के लिए 10 करोड़ रुपये की वृद्धि कोष व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ के तहत स्वतंत्रता दिवस 2025 के बाद 350 से अधिक सुधार लागू किए गए हैं, जिनका सीधा लाभ देश को मिल रहा है। स्मार्ट मीटर, बढ़ते बिजली बिल, महंगाई और किसानों की समस्याओं को लेकर पूछे गए सवाल पर स्पष्ट मंत्री जवाब देने से बचते नजर आए। उन्होंने केवल इतना कहा कि प्रेस वार्ता बजट पर केंद्रित है और बजट में सभी वर्गों के हितों का ध्यान रखा गया है। वहीं किसानों के लिए एमएसपी कानून से संबंधित प्रावधानों को लेकर पूछे गए सवालों पर भी मंत्री ने कोई ठोस उत्तर नहीं दिया। बिजली बिल बढ़ोतरी और महंगाई के मुद्दे पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। वार्ता के दौरान महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, नगर विधायक राजीव गुम्बर, विधायक रामपुर मनिहारान देवेन्द्र निम, विधायक नकुड मुकेश चैधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष महेन्द्र सैनी, महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई, पूर्व सांसद प्रदीप चैधरी, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व विधायक नरेश सैनी, पूर्व विधायक जगपाल सिंह, क्षेत्रीय मीडिया सहसंयोजक गौरव गर्ग सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!