छुटमलपुर नंबर-2 प्राथमिक विद्यालय में उत्साह के साथ मनाया गया वार्षिकोत्सव
सांस्कृतिक कार्यक्रमों व खेल प्रतियोगिताओं में बच्चों ने बिखेरी प्रतिभा


शहरी चौपाल ब्यूरो
छुटमलपुर (सहारनपुर)। ब्लॉक मुजफ्फराबाद, जनपद सहारनपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय छुटमलपुर नंबर-2 में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसएमसी अध्यक्ष शमीम एवं रुखसार का विद्यालय में आगमन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जिसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने वेलकम डांस सहित विविध रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से बाल विवाह, सोशल मीडिया के दुरुपयोग जैसी सामाजिक कुरीतियों को दूर करने का संदेश दिया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत कविताओं ने सभी का मन मोह लिया।
अतिथियों ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और शिक्षा के माध्यम से ही वे अपने उज्जवल भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने और समाज को नई दिशा देने के लिए प्रेरित किया।
खेलकूद प्रतियोगिताओं के अंतर्गत 50 मीटर एवं 100 मीटर दौड़ में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन अंजली आर्य ने किया। अंत में सभी बच्चों को चॉकलेट वितरित की गई। विद्यालय के प्रधानाध्यापक करण सिंह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ मोहम्मद नसीम, मीनाक्षी, सोनिया, कमलेश, रेखा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहित अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं रिजा, फलक, सुमैया, अर्शी, जिया, आयशा, अहद, जैनब, अल्तमश, असद हुसैन, आखिफा आदि उपस्थित रहे।

















