सहारनपुर

सीएम योगी से मिले भाकियू (अराजनैतिक) के राष्ट्रीय प्रवक्ता, जताया आभार

द गंगा सहकारी चीनी मिल के आधुनिकीकरण को 261.91 करोड़ की स्वीकृति, पश्चिमी यूपी के किसानों को बड़ी सौगात

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर , भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर द गंगा सहकारी चीनी मिल मोरना (जनपद मुजफ्फरनगर) के आधुनिकीकरण एवं विस्तारीकरण के लिए 261.91 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया।

धर्मेंद्र मलिक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश कैबिनेट द्वारा लिया गया यह निर्णय पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों और चीनी उद्योग के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के अंतर्गत मिल की पेराई क्षमता को प्रथम चरण में 2500 टीसीडी से बढ़ाकर 3500 टीसीडी किया जाएगा तथा भविष्य में इसे 5000 टीसीडी तक ले जाने की योजना है।

भाकियू प्रवक्ता ने कहा कि लगभग 262 करोड़ रुपये की इस परियोजना से पेराई प्रक्रिया में तेजी आएगी, किसानों को समयबद्ध गन्ना भुगतान सुनिश्चित होगा और क्षेत्र में रोजगार व आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। यह निर्णय न केवल मोरना क्षेत्र बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों के हित में मील का पत्थर साबित होगा।

उन्होंने कहा कि चीनी मिल के आधुनिकीकरण से उत्पादन क्षमता, तकनीकी दक्षता और कार्यक्षमता में उल्लेखनीय सुधार होगा, जिससे हजारों गन्ना किसानों की आय, रोजगार और आर्थिक सुरक्षा मजबूत होगी।

धर्मेंद्र मलिक ने मुख्यमंत्री से कहा कि उनकी दूरदर्शी नीतियों के कारण किसानों को समय पर भुगतान मिल रहा है और चीनी उद्योग को नई दिशा मिल रही है। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा समयबद्ध गन्ना मूल्य भुगतान, चीनी मिलों के आधुनिकीकरण, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, ग्रामीण अधोसंरचना के विकास और किसान-कल्याणकारी योजनाओं से किसानों में विश्वास और सुरक्षा की भावना सुदृढ़ हुई है।

उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का गन्ना क्षेत्र निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहेगा।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!