अंधविश्वास के विरुद्ध वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित जिला विज्ञान क्लब सहारनपुर के तत्वावधान में राजकीय इंटर कॉलेज, सहारनपुर में अंधविश्वास के विरुद्ध वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ रोहिणी (रोशनी शिक्षा एवं सामाजिक संस्था, गाजियाबाद), जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरविंद कुमार पाठक, जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय हर्षदेव स्वामी, जिला समन्वयक अम्ब्रीष कुमार एवं सह-समन्वयक सचिन त्यागी ने माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। जिला समन्वयक अम्ब्रीष कुमार ने कहा कि विज्ञान ही समाज में फैले अंधविश्वास को प्रयोगों के माध्यम से समाप्त कर सकता है। कार्यक्रम के अंतर्गत आमजन में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने पर जोर दिया गया। विशेषज्ञ रोहिणी ने सिर पर आग लगाकर चाय बनाना, बिना माचिस आग जलाना, जीभ पर कपूर जलाना, लोटे में बार-बार जल आना, रस्सी से बोतल उठाना सहित लगभग 45 अंधविश्वासों का वैज्ञानिक प्रयोगों द्वारा पर्दाफाश किया। साथ ही विज्ञान शपथ, चित्रकला, वाद-विवाद एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कार्यक्रम में कुल 342 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सहभागिता की। वाद-विवाद में जरीन व अरीशा (रा.इं.कॉ., कमेला रोड) प्रथम, अनुराग पंवार व सागर (रा.हा.स्कूल, घाटेड़ा) द्वितीय तथा जैनम व इरम (जेबीएस हिंदू कन्या इंटर कॉलेज) तृतीय रहीं। चित्रकला में लव्या धीमान प्रथम, बिसमा द्वितीय व कामिनी तृतीय रहीं। भाषण प्रतियोगिता में अक्षिता पाल (जनता इंटर कॉलेज, झबीरन) प्रथम रहीं। विजेताओं को डॉ. अरविंद कुमार पाठक एवं हर्षदेव स्वामी द्वारा स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका करूणा कालरा ने किया। सचिन त्यागी व अंजा कश्यप ने विशेष सहयोग प्रदान किया।

















