कैरेटलेन डायमंड शोरूम चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, पांच शातिर गिरफ्तार, तीन करोड़ के आभूषण बरामद


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। दिल्ली रोड स्थित कैरेटलेन (CARATLANE) डायमंड शोरूम में हुई करोड़ों रुपये की चोरी की बड़ी वारदात का सहारनपुर पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। थाना सदर बाजार पुलिस और स्वाट सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में इस मामले में पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए करीब तीन करोड़ रुपये कीमत के हीरे व सोने के आभूषण और 45,100 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। चोरी का खुलासा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रेस वार्ता कर किया। इस दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार, सहायक पुलिस अधीक्षक सिमरन सिंह और एसपी सिटी व्योम बिंदल भी मौजूद रहे।
पुलिस के अनुसार 23 जनवरी 2026 की रात अज्ञात चोरों ने दिल्ली रोड स्थित टाटा समूह के कैरेटलेन शोरूम की दीवार तोड़कर भीतर घुसते हुए सोने व हीरे के आभूषण और नकदी चोरी कर ली थी। इस संबंध में शोरूम मैनेजर अंकित मुखर्जी की तहरीर पर थाना सदर बाजार में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीमें गठित की गईं।
पुलिस अधीक्षक नगर और अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय के पर्यवेक्षण में थाना सदर बाजार पुलिस और स्वाट टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 3 फरवरी 2026 को छोटी रेलवे लाइन, खलासी लाइन के पास से पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में इरशाद उर्फ काला, दिलशाद, सलमा, काली और सीमा शामिल हैं। सभी अभियुक्त सहारनपुर के निवासी हैं और वर्तमान में रुड़की (उत्तराखंड) क्षेत्र में रह रहे थे।

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से नौ नेकलेस, 67 ब्रेसलेट, 17 मंगलसूत्र, 32 जोड़ी ईयररिंग, दो गले के सेट, 18 पेंडेंट, तीन चार्म्स, 90 अंगूठियां, 32 चेन, 11 चूड़ियां, 45,100 रुपये नकद तथा कुछ आर्टिफिशियल आभूषण बरामद किए हैं। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ रुपये बताई गई है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धाराएं बढ़ाई गई हैं और सभी अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पूछताछ में मुख्य अभियुक्त इरशाद उर्फ काला ने बताया कि वह शातिर किस्म का अपराधी है और पहले भी कई चोरी की घटनाओं में जेल जा चुका है। उसने कबाड़ी का वेश बनाकर करीब एक महीने तक शोरूम की रेकी की थी। मौसम खराब होने का फायदा उठाकर उसने छत के रास्ते शोरूम में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी से बचने के लिए उसने नकाब पहन रखा था और घटना के बाद लंगड़ाकर चलने की एक्टिंग करते हुए मौके से फरार हो गया। चोरी के आभूषणों को बेचने में उसके परिवार के अन्य सदस्य सहयोग करते थे।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इरशाद उर्फ काला के खिलाफ सहारनपुर के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस बड़ी बरामदगी से ज्वैलरी चोरी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश हुआ है और आगे भी अन्य मामलों में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस टीम की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता मानते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम को प्रशंसा दी है। सहारनपुर पुलिस ने आमजन को भरोसा दिलाया है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

















