गिल्ली डंडा खेल में नेशनल रेफरी बनकर मुस्तकीम, राजेन्द्र और अमित ने किया नाम रोशन
भारतीय गिल्ली डंडा महासंघ में सहारनपुर के मुस्तकीम अंसारी संयुक्त सचिव हुए मनोनीत


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। गिल्ली डंडा खेल के राष्ट्रीय रेफरी कोर्स में सहारनपुर के मुस्तकीम अंसारी, राजेन्द्र कुमार व अमित कुमार के द्वारा सफलतापूर्वक सम्मानजनक अंक प्राप्त कर राष्ट्रीय रेफरी बनने व भारतीय गिल्ली डंडा महासंघ में सहारनपुर के खेल प्रशिक्षक मुस्तकीम अंसारी को संयुक्त सचिव मनोनीत किए जाने पर खेल प्रशिक्षको ने शुभकामनाएं देकर खुशी व्यक्त की। सहारनपुर मण्डल ओलम्पिक संघ के सचिव डॉ. अशोक कुमार गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय गिल्ली डंडा महासंघ के तत्वाधान में राष्ट्रीय रेफरी कोर्स व महासंघ की सामान्य सभा का आयोजन 31 जनवरी को साहिबाबाद (गाजियाबाद) में किया गया। सहारनपुर के मुस्तकीम अंसारी, राजेन्द्र कुमार व अमित कुमार ने उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय रेफरी कोर्स मे भाग लिया और सम्मानजनक अंक प्राप्त कर राष्ट्रीय रेफरी बनकर सहारनपुर जनपद समेत उत्तर प्रदेश का नाम रोशन कर दिया। डॉ. अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि भारतीय गिल्ली डंडा महासंघ की आयोजित हुई सामान्य सभा में सहारनपुर के खेल प्रशिक्षक मुस्तकीम अंसारी को संयुक्त सचिव मनोनीत किया गया। उन्होंने विश्वास जताया कि मुस्तकीम के अनुभव और कुशल नेतृत्व में सहारनपुर के खिलाड़ी गिल्ली-डंडा खेल में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष मुकाम हासिल करेंगे। संयुक्त सचिव मनोनीत होने पर मुस्तकीम अंसारी ने कहा कि महासंघ ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, वे इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाएंगे। भारतीय गिल्ली डंडा महासंघ में मुस्तकीम अंसारी के संयुक्त सचिव मनोनीत होने पर व राजेन्द्र कुमार, अमित कुमार व मुस्तकीम अंसारी के राष्ट्रीय रेफरी बनने पर सहारनपुर मंडल ओलंपिक संघ के अध्यक्ष व पूर्व राज्य मंत्री संजय गर्ग, माँ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय के क्रीड़ाधिकारी प्रोफेसर डॉ. संदीप गुप्ता, जिला एथलेटिक्स संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष यशपाल सिंह पुंडीर, उपाध्यक्ष चैधरी ईश्वरपाल सिंह मुखिया, जिला कुश्ती संघ के सह सचिव लाल धर्मेंद्र प्रताप, विकास सैनी, पंकज गर्ग, रश्मि टेरेंस, मनोज प्रजापति, सोनवीर सिंह, गौरव चैहान, अनुज कुमार, दीपक शर्मा, पॉपिन कुमार, अलंकार किशोर, नूरीन जहां, रवि कोरी आदि ने शुभकामनाए दी।

















