वरिष्ठ नागरिकों ने किया परम संत श्री गुरु रविदास जी महाराज का वंदन


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी (रजिस्टर्ड) सहारनपुर द्वारा परम संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज का 649वां जन्मोत्सव मोहल्ला तकिया स्थित एक सभागार में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों ने श्री गुरु रविदास जी महाराज की वाणी का बखान किया तथा उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा मिठाई बांट कर एक दूसरे का मुंह मीठा कराया। इस अवसर पर संस्थापक के. एल. अरोड़ा जी ने कहा कि परम संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज जी ने मानव उत्थान के लिए ऐसे समय में जन्म लिया जब जातियों को लेकर समाज बटा हुआ था, ऐसे में उन्होंने समाज को मूर्ति पूजा, आडंबरों से दूर कर सर्व समाज को एकता तथा समानता का पाठ पढ़ाया। उन्होंने अपनी वाणी में भी कहा था कि वह ऐसे राज की कल्पना करते हैं जहां सभी बराबर हों और प्रेम से रहे। अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि संत रविदास जी महाराज पूरे विश्व के पूजनीय हैं तथा भारत की संस्कृति में उनका महत्वपूर्ण स्थान है, यहां तक की गुरु ग्रंथ साहिब में भी उनके नाम का वर्णन बार-बार आता है। ऐसे महान संत को हम श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए गर्व की अनुभूति कर रहे हैं। जी.एल. जसूजा ने सभा का संचालन करते हुवे रविदास जी महाराज के जीवन पर प्रकाश डाला। के. डी. गौतम जी ने सभी को गुरु रविदास जी के जन्मोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु रविदास सर्व समाज के पूजनीय है इसीलिए संतों में उन्हें शिरोमणि की उपाधि प्राप्त है। ऐसे महापुरुषों के विचारों को हमे अपनाने की आवश्यकता है। मूलचन्द आनंद ने गुरु रविदास जी महाराज से जुड़ा एक वृतांत सुनाया और उनकी भक्ति से सभी को अवगत कराया। प्रेमनाथ छोकरा ने कहा कि संत रविदास ने छुआ छूत के उस दौर में भक्ति भाव व धर्म के मार्ग पर चलकर सभी को समता का मार्ग दिखाया। विजय कुमार अरोड़ा ने कहा कि रविदास जी महाराज ने नाम जप और कर्म को जी श्रेष्ठ मानते हुए समस्त शिक्षाएं दी हैं। आरव केव जैन ने श्री गुरु रविदास जी महाराज की आरती नाम तेरो आरती से सभी को भाव विभोर किया। हरजीत सिंह, राजपाल सिंह, संदीप गोयल ने भी अपने अपने विचार प्रकट किए।

















