हर्षोल्लास के साथ मनाया गया संत शिरोमणि गुरु रविदास का 648वां प्रकटोत्सव
15 हजार की सर्वोच्च बोली के साथ नवीन कुमार बने शोभायात्रा के सारथी, बैंड-बाजों व भव्य झांकियों ने बढ़ाई शोभा


शहरी चौपाल ब्यूरो
बेहट , (सहारनपुर) । संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का 648वां प्रकटोत्सव क्षेत्र में हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रत्येक गली-मोहल्ले से बैंड-बाजों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, युवाओं और महिलाओं ने सहभागिता की।
शोभायात्रा का विधिवत उद्घाटन जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा नेता रामू चौधरी, एडवोकेट बबलू कुमार, भीम आर्मी प्रमुख मंजीत नौटियाल, चेयरमैन शालू भैया, पूर्व ब्लॉक प्रमुख हंसराज गौतम, बसपा नेता अमित सैनी, मनीष कांबोज एवं प्रधान सवेज आलम ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का जीवन समाज को समानता, मानवता और भाईचारे का संदेश देता है। उनके आदर्शों पर चलकर ही समाज में फैली कुरीतियों को दूर किया जा सकता है तथा आध्यात्मिक मार्ग पर आगे बढ़ा जा सकता है।
वक्ताओं ने गुरु रविदास जी के प्रसिद्ध विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि “जाति-जाति में जाति है, रैदास मानुष न जुड़ सके, न जाति न जात।” उन्होंने केले के तने के उदाहरण के माध्यम से जाति विभाजन को निरर्थक बताते हुए कहा कि जातियों में बंटवारे से समाज कमजोर होता है और मानवता को क्षति पहुंचती है।
शोभायात्रा में संत शिरोमणि गुरु रविदास समिति द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर, संत रविदास एवं मीराबाई की मनमोहक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और कानून व्यवस्था बनाए रखी गई।
संत शिरोमणि गुरु रविदास शोभायात्रा की सर्वोच्च बोली 15,000 रुपये लगाकर नवीन कुमार शोभायात्रा के सारथी बने।
शोभायात्रा में पूर्व जिला पंचायत सदस्य बाबू रमेश चंद, मन्नान रावत, सेक्टर अध्यक्ष राजेंद्र कुमार, ओमप्रकाश, पूर्व प्रधान प्रतिनिधि नीरज कुमार, समाजसेवी हसीन राणा, रईस मलिक, अनुज कुमार, डॉ. अमन कुमार, डॉ. विनय कुमार, सुलेखचंद, अजय कुमार, शेर सिंह नेता, रणजीत सिंह बनवाल, राजीव कुमार बनवाल, मोनू कुमार, रविंद्र नेता, अनिल कुमार, मास्टर मांगेराम, डॉ. शेर सिंह, जनेश्वर प्रसाद, प्रमोद कुमार, राजू कुमार, लेखराज सिंह सहित सैकड़ों श्रद्धालु, युवा एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।

















