अवैध ईंट भट्ठे पर चला खनन विभाग का बुलडोजर
बिना विनियमन शुल्क जमा कर संचालित भट्ठों पर सख्त कार्रवाई, डीएम मनीष बंसल के निर्देश पर एक्शन


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। साल 2026 की शुरुआत में ही जनपद सहारनपुर में प्रशासन का सख्त रुख देखने को मिला है। जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशों के क्रम में खनन विभाग द्वारा बिना विनियमन शुल्क जमा कराए अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठे के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई। खनन विभाग की टीम ने तहसील सदर क्षेत्र के ग्राम शकलापुरी में संचालित मैसर्स आलिम ब्रिक कम्पनी पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया। बताया गया कि संबंधित ईंट भट्ठा बिना आवश्यक विनियमन शुल्क जमा कराए संचालित किया जा रहा था, जो नियमों का उल्लंघन है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में जिन ईंट भट्ठों द्वारा अब तक विनियमन शुल्क जमा नहीं कराया गया है, उनके विरुद्ध भी इसी प्रकार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अवैध खनन एवं नियम विरुद्ध संचालित इकाइयों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाए। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। बुलडोजर कार्रवाई के दौरान लिए गए फोटोग्राफ भी विभाग द्वारा सुरक्षित रखे गए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं नियमों का पालन करने वाले संचालकों ने प्रशासन के कदम का स्वागत किया है।

















