विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत सहारनपुर में मतदाता सूची अपडेट करने का अवसर


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान जनपद सहारनपुर में चलाया जा रहा है। यह अभियान 6 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक संचालित रहेगा, जिसके अंतर्गत बूथ लेवल अधिकारी एवं पदाभिहित अधिकारियों द्वारा मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।
अभियान के अंतर्गत 31 जनवरी (शनिवार) तथा 8 फरवरी (रविवार) को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इन दिनों पात्र नागरिक अपने नाम मतदाता सूची में जुड़वाने, संशोधन कराने अथवा आपत्ति दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 (घोषणा पत्र सहित) आवश्यक दस्तावेजों और पासपोर्ट साइज फोटो के साथ जमा करना अनिवार्य होगा। किसी नाम पर आपत्ति अथवा अपवर्जन के लिए फार्म-7 तथा प्रविष्टि में संशोधन, निवास परिवर्तन और दिव्यांग मतदाताओं के चिन्हांकन हेतु फार्म-8 (घोषणा पत्र सहित) के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
ऑनलाइन फार्म-6 भरने वाले आवेदकों को अपने परिवार के किसी सदस्य के फोटो पहचान पत्र की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा, जिससे मतदाता का नाम सही भाग में दर्ज किया जा सके। जनपद सहारनपुर की सभी सात विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियां जनपद की वेबसाइट पर विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र नागरिक वेबसाइट अथवा मोबाइल ऐप के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
6 जनवरी से प्राप्त दावे एवं आपत्तियों की सूची फार्म-9, 10, 11, 11ए एवं 11वी में जनपद की वेबसाइट पर देखी जा सकती है। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष बहादुर सिंह ने जनपद के समस्त पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपना एवं अपने परिवार के सदस्यों का नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें और निर्वाचक नामावली को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने में सहयोग करें।

















