सहारनपुर

डीएम-एसएसपी ने की संत रविदास जयंती की तैयारियों की समीक्षा

सभी आयोजकों से की पर्व को शान्तिपूर्वक मनाने एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील शोभायात्रा के मार्ग पर न हो गड्ढे, विद्युत तारों को किया जाए दुरूस्त, साफ-सफाई का रखें विशेष ध्यान: जिलाधिकारी

 

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। जिला मजिस्ट्रेट मनीष बंसल ने कहा कि सभी आयोजक संत रविदास जयंती पर साम्प्रदायिक सौहार्द्र को बनाये रखते हुये पर्व को परम्परागत तरीके से मनायें। जिलाधिकारी श्री बंसल आज कलक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में संत रविदास जयंती के पर्व पर शांति एवं कानून व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में आयोजकों, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शांति समिति की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अगर कहीं पर कोई समस्या या विवाद है तो जिला प्रशासन को अवगत कराएं, समय रहते ही समस्या का उचित निस्तारण किया जाएगा। ऐसा कोई कार्य न करें जिससे कि एक दूसरे की धार्मिक भावनाएं आहत हों। शोभायात्रा परंपरागत मार्गों से ही निकाली जाएं। अनावश्यक रूप से कोई नई परंपरा ना डालें। ऐसा कोई कार्य न करें जिससे किसी भी समुदाय की भावनायें आहत हों। उन्होंने उपस्थित सभी आयोजकों से पर्व को शान्ति पूर्वक मनाने एवं कानून व्यवस्था बनाने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। श्री बंसल ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात सभी मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारी अपनी अपनी जिम्मेदारियों का अच्छे से निर्वहन करें। समस्त अधिकारियों को शोभायात्रा के रूटों पर साफ-सफाई एवं पानी की व्यवस्था करने हेतु निर्देशित किया। विद्युत विभाग ध्यान रखें कि शोभायात्रा वाले मार्गों पर विद्युत तार यदि जर्जर हैं तो उन्हें बदला जाए या फिर सुनिश्चित किया जाए कि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न होने पाए। उप जिला मजिस्ट्रेट एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी, प्रभारी थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में संयुक्त रूप से भ्रमण कर स्थानीय स्तर पर पूर्व में हुई अप्रिय घटनाओं व समस्याओं पर विचार विमर्श करते हुए उनका निराकरण करें। जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों से संवाद बनाकर रखें जिससे यात्रा में आने वाली किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करना सुनिश्चित करें जिससे शोभायात्रा सकुशल शांतिपूर्वक सम्पन्न हो सकें। उन्होंने सभी आयोजक से कहा कि शोभायात्रा निकालने से पूर्व परमिशन अवश्य लें ले। श्री बंसल ने नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायतों एवं पंचायती राज के अधिकारियों को साफ सफाई व्यवस्था सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि शोभायात्रा वाले मार्गों का निरीक्षण कर सुनिश्चित किया जाए कि कहीं पर भी गड्ढे और जलभराव की स्थिति न हो। उन्होने आयोजकों से कहा कि डीजे की उँचाई एवं चैडाई निर्धारित मानक से ज्यादा न हो। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी द्वारा समस्त थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि शोभायात्रा की अनुमति के सम्बन्ध में प्रत्येक दशा में रूट चार्ट संलग्न किया जाये तथा आयोजकों को भी रूट चार्ट से अवगत करा दिया जाये एवं परम्परा के अनुसार ही शोभायात्रा निकाली जाये। उन्होंने विभिन्न थाना क्षेत्रों में पड़ने वाले संवेदनशील व अतिसंवेदनशील ग्रामों में निकाले जाने वाली शोभायात्राओं के संबंध में क्षेत्राधिकारियो व थानाध्यक्षों को विशेषरूप से सतर्क रहने हेतु निर्देश दिये गये। एसएसपी श्री तिवारी ने कहा कि आयोजक इस बात का ध्यान रखें कि पर्व को इस प्रकार से मनाया जाए कि किसी अन्य को असुविधा न हो। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल, एसपी सिटी व्योम बिंदल, एसपी देहात सागर जैन, सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, समस्त उप जिला मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारीगण सहित समस्त शोभायात्रा आयोजक उपस्थित रहे।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!