मोबाइल झपटमारी के तीन आरोपी गिरफ्तार, एक मोबाइल बरामद


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। थाना सदर बाजार पुलिस ने मोबाइल झपटमारी की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर आमजन में विश्वास बढ़ा है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 29 जनवरी 2026 को अशिता पुत्री राजेन्द्र, निवासी मित्तर नसरी बेहट रोड थाना कोतवाली देहात सहारनपुर द्वारा थाना सदर बाजार पर लिखित तहरीर दी गई थी, जिसमें बताया गया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने पीछे से आकर झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन छीन लिया। इस तहरीर के आधार पर थाना सदर बाजार पर मुकदमा संख्या 57/26 धारा 304(2) बीएनएस के अंतर्गत पंजीकृत किया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कपिल देव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर विनोद विहार के पास स्थित खाली मैदान से तीन अभियुक्तों बन्टी पुत्र अतर सिंह निवासी रामनगर थाना कोतवाली देहात सहारनपुर, गुरदेश पुत्र हरपाल निवासी आरा मशीन वाली गली रामनगर थाना कोतवाली देहात सहारनपुर तथा टीनू उर्फ सुनील पुत्र हरिराम निवासी रामनगर थाना कोतवाली देहात सहारनपुर को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से वीवो कंपनी का बैगनी रंग का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अभियुक्त बन्टी और गुरदेश के खिलाफ पूर्व में चोरी, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें समय से माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, हेड कांस्टेबल विजय कुमार, हेड कांस्टेबल सुमित तोमर, हेड कांस्टेबल प्रवीण त्यागी तथा कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे।

















