गणतंत्र दिवस को संकल्प व समीक्षा दिवस के रूप में मनाया जाए: विवेक मनोचा
सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल महानगर इकाई ने किया ध्वजारोहण


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल (पंजी.) महानगर इकाई द्वारा 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत महानगर कार्यालय व्यापार भवन, रेलवे रोड पर भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। महानगर अध्यक्ष विवेक मनोचा एवं वरिष्ठ महामंत्री सुरेन्द्र मोहन सिंह चावला ने प्रदेशीय पदाधिकारियों, महानगर पदाधिकारियों तथा व्यापारियों के परिवारजनों के साथ संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष विवेक मनोचा ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि राष्ट्रीय संकल्प और समीक्षा का दिन भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक देश के नागरिक गणतंत्र दिवस को संकल्प दिवस के रूप में नहीं मनाएंगे, तब तक सच्चे अर्थों में मजबूत गणतंत्र की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने व्यापारियों से आह्वान किया कि वे अपने व्यापार जितना ही प्रेम अपने राष्ट्र से भी करें।
विवेक मनोचा ने कहा कि आज देश बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, आतंकवाद, बढ़ती जनसंख्या, अशिक्षा और नशाखोरी जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। यदि राष्ट्र इन समस्याओं के विरुद्ध एकजुट होकर संघर्ष करे तो भारत को विश्वगुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि व्यापारी देश को सबसे अधिक राजस्व देने वाला वर्ग है, फिर भी वह उपेक्षा और समस्याओं से घिरा हुआ है। जब तक व्यापारी एकजुट नहीं होगा, तब तक उसे समाज में अपेक्षित सम्मान नहीं मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि गणतंत्र ने हमें संविधान के माध्यम से अधिकार दिए हैं, लेकिन अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का निर्वहन भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने व्यापारियों से इतिहास रटने की बजाय इतिहास रचने का आह्वान किया और समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष यशपाल मैनी, महानगर चेयरमैन राजेन्द्र गुप्ता, कोषाध्यक्ष सुधीर मिगलानी, नगर संयोजक राजकुमार विज, प्रदेश संगठन मंत्री आर.के. मल्होत्रा व अमित गगनेजा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नीरज जैन, संजय भसीन सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे और राष्ट्रीय पर्वों को उत्साहपूर्वक मनाने की अपील की।
ध्वजारोहण कार्यक्रम में राजकुमार विज, अशोक छाबड़ा, मुकेश कुमार धनगर, सन्नी गुलाटी, राजकुमार नरूला, यशपाल डाबरा, आशीष गर्ग, नितिन गर्ग, पवन गोयल, अनुभव शर्मा, ऋषि कपूर, विनीत चौहान, देवेंद्र सिंह चड्ढा, मनोज विज, राजीव कामरा, गोपी खनेजा, मुस्तजाब अली, सुभाष चंद, रवि क्वात्रा, प्रभास वर्मा, पुरुषोत्तम सिंह दुआ, संजय अग्रवाल, दिनेश सैनी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

















