यंग तिरंगा क्लब के गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में नगर आयुक्त शिपू गिरि ने किया ध्वजारोहण
वरिष्ठ पार्षद मंसूर बदर ने अस्वस्थता के बावजूद आधा दर्जन स्थानों पर फहराया तिरंगा


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मिगलानी बिल्डिंग स्थित यंग तिरंगा क्लब द्वारा भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर आयुक्त आईएएस शिपू गिरि, वरिष्ठ पार्षद व कार्यकारिणी सदस्य मंसूर बदर, न्यूज परिक्रमा के वरिष्ठ संपादक नवाज़िश खान तथा यंग तिरंगा क्लब के अध्यक्ष मोहम्मद उस्मान ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया।
नगर आयुक्त शिपू गिरि ने उपस्थित लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रीय पर्वों को पूरे उत्साह और एकता के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने वरिष्ठ पार्षद मंसूर बदर एवं अन्य पार्षदों से समन्वय कर महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह के मार्गदर्शन में सहारनपुर को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने की बात कही। साथ ही उन्होंने यंग तिरंगा क्लब द्वारा किए जा रहे सामाजिक व राष्ट्रीय कार्यक्रमों की प्रशंसा की।
वरिष्ठ पार्षद मंसूर बदर ने गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश 15 अगस्त 1947 को आज़ाद हुआ, लेकिन देश को कानून के दायरे में चलाने के लिए संविधान की आवश्यकता थी। 26 नवंबर 1949 को देश का संविधान बना, जिसकी प्रारूप समिति के अध्यक्ष बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर थे। उन्होंने बताया कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान है। इस अवसर पर उन्होंने भगत सिंह, चंद्रशेखर आज़ाद, खान अब्दुल गफ्फार खान, वीर अब्दुल हमीद सहित अन्य स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी।
न्यूज परिक्रमा के वरिष्ठ संपादक नवाज़िश खान ने सभी को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। कार्यक्रम के बाद यंग तिरंगा क्लब की ओर से भंडारे का भी आयोजन किया गया।
उल्लेखनीय है कि पार्षद मंसूर बदर ने तबीयत खराब होने के बावजूद प्राथमिक पाठशाला खाकरोबान, सराय शाहजी, सराय हिसामुद्दीन, आनंद नगर एवं पुल कंबोह स्थित लिटिल स्टार पब्लिक स्कूल समेत आधा दर्जन स्थानों पर ध्वजारोहण किया। लिटिल स्टार पब्लिक स्कूल में बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत शानदार प्रस्तुतियां दीं। स्कूल के ऑनर, कवि-शायर व पर्यावरण प्रेमी नासिर जमाल, शीबा, फारिया मेम और उनकी टीम के मार्गदर्शन में बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए तथा पार्षद मंसूर बदर को बच्चों ने अपने हाथों से बनाए गेट वेल सून कार्ड भेंट किए।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी की वरिष्ठ नेता रूही अंजुम, पार्षद सईद सिद्दीकी, समीर अंसारी, गुलज़ेब खान, रईस पप्पू, आसिफ अंसारी, ज़फ़र अंसारी, इज़हार मंसूरी, डॉ. मंसूर, मेनपाल, महमूद हसन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

















