सहारनपुर

77वां गणतंत्र दिवस जनपद में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

आयुक्त कार्यालय व कलेक्ट्रेट में हुआ ध्वजारोहण, संविधान की प्रस्तावना की दिलाई गई शपथ मौलिक अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन आवश्यक – मण्डलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार जागरूक नागरिक ही देश की सबसे बड़ी ताकत – जिलाधिकारी मनीष बंसल

शहरी चौपाल ब्यूरो 
सहारनपुर, । भारतीय लोकतंत्र का महापर्व 77वां गणतंत्र दिवस जनपद सहारनपुर में हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। आयुक्त कार्यालय में मण्डलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार तथा कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी मनीष बंसल द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ भी दिलाई गई।
मण्डलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान न केवल हमें मौलिक अधिकार प्रदान करता है, बल्कि हमारे कर्तव्यों का भी स्पष्ट बोध कराता है। उन्होंने स्वच्छता, सामाजिक सम्मान एवं आपसी सद्भाव बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में सोशल मीडिया पर किसी भी सामग्री को साझा करने से पूर्व यह अवश्य विचार करना चाहिए कि उससे देशहित को कोई क्षति न पहुंचे।

उन्होंने कहा कि शासन व्यवस्था संविधान के अनुरूप संचालित होती है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह संविधान का पालन करे। बच्चों को अच्छी शिक्षा एवं संस्कार देने तथा दुर्व्यसनों से दूर रखने पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी अपने अभिभावकों को रोल मॉडल मानती है, इसलिए समाज में सुधार के लिए स्वयं से शुरुआत आवश्यक है।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत आज विश्वगुरु के रूप में उभर रहा है और इसकी सबसे बड़ी शक्ति जागरूक नागरिक हैं। जागरूकता का अर्थ है सत्य को पहचानना। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के इस दौर में दुष्प्रचार से बचते हुए बिना सोचे-समझे किसी भी सूचना पर न विश्वास करें और न ही उसे साझा करें।
उन्होंने कहा कि देश की बेहतरी के लिए उसी भावना से सोचना होगा, जैसे हम अपने परिवार के लिए सोचते हैं। संविधान के अंतर्गत बनाए गए नियमों का पालन करते हुए कर्तव्यों का जिम्मेदारी से निर्वहन करें और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जनहित में कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।


इस अवसर पर आयुक्त कार्यालय में अपर आयुक्त भानू प्रताप यादव, अपर आयुक्त प्रशासन रमेश यादव, जिला सूचना अधिकारी दिलीप कुमार गुप्ता, प्रशासनिक अधिकारी कर्णपाल, पीए अरविन्द चौधरी, नाजिर अमित जैन सहित समस्त अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्ट्रेट में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राम आसरे वर्मा, नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, मुख्य कोषाधिकारी सूरज कुमार, डिप्टी कलेक्टर अंकुर वर्मा, श्वेता पाण्डेय सहित अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!