प्राथमिक विद्यालय छुटमलपुर नं.-2 में यूपी स्थापना दिवस व राष्ट्रीय बालिका दिवस धूमधाम से मनाया गया


शहरी चौपाल ब्यूरो
छुटमलपुर (सहारनपुर)। ब्लॉक मुजफ्फराबाद क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय छुटमलपुर नंबर-2 में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय बालिका दिवस उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को प्रदेश के इतिहास, संस्कृति और बालिकाओं के अधिकारों की जानकारी दी गई।
विद्यालय की शिक्षिका अंजली आर्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि प्रत्येक वर्ष 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस मनाया जाता है, क्योंकि इसी दिन वर्ष 1950 में ब्रिटिश काल के संयुक्त प्रांत का नाम बदलकर उत्तर प्रदेश रखा गया था। उन्होंने बताया कि अंग्रेजों द्वारा आगरा और अवध को मिलाकर बनाए गए संयुक्त प्रांत को ही बाद में उत्तर प्रदेश नाम दिया गया। अंजली आर्य ने बच्चों को बताया कि उत्तर प्रदेश भारत का सबसे अधिक जनसंख्या वाला तथा सांस्कृतिक व ऐतिहासिक रूप से अत्यंत समृद्ध राज्य है, जहां वाराणसी, अयोध्या, मथुरा जैसे पवित्र तीर्थस्थल, लखनऊ की नजाकत और ताजमहल जैसी विश्व प्रसिद्ध धरोहरें स्थित हैं।
इस अवसर पर बच्चों को राष्ट्रीय बालिका दिवस के महत्व से भी अवगत कराया गया। बताया गया कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा भारत में पहली बार वर्ष 2008 में राष्ट्रीय बालिका दिवस की शुरुआत की गई थी। इस दिवस का उद्देश्य बाल विवाह, भ्रूण हत्या और लैंगिक असमानता जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा बालिकाओं के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के तहत सहायक अध्यापक मीनाक्षी कंबोज एवं मोहम्मद नसीम द्वारा विद्यालय में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया। इसके साथ ही शिक्षिकाओं ने बच्चों के साथ मिलकर रंगोली बनाकर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।
इस अवसर पर जया, रिजा, फलक, असद, हमरा, अल्तमश, फरहान, एब्जर सहित अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में अपने प्रदेश के प्रति गर्व और बालिकाओं के सम्मान व अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

















