चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विसेज की ‘सौहार्द’ बैठक में 45 नए सदस्य शामिल, संख्या 400 के पार


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विसेज द्वारा 23 जनवरी 2026 को दिल्ली रोड स्थित एक होटल के सभागार में “सौहार्द (ऑल मेंबर्स मीट)” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर एवं संस्था संरक्षक अजय कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक में उद्योग, व्यापार और सेवा क्षेत्र से जुड़े बड़ी संख्या में सदस्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी द्वारा प्रार्थना के साथ की गई। इसके बाद मंचासीन पदाधिकारियों एवं मुख्य अतिथि के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
संस्था की बीते तीन माह की गतिविधियों की जानकारी महासचिव बलजीत सिंह चावला ने दी। उन्होंने बताया कि लगभग चार वर्ष पूर्व निष्ठा, सेवा, त्याग और समर्पण के उद्देश्य से गठित संस्था से आज 400 से अधिक सदस्य जुड़ चुके हैं। बैठक के दौरान प्रश्न–उत्तर सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें सही उत्तर देने वाले सदस्यों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संस्था की सदस्यता ग्रहण करने वाले 45 नए सदस्यों को मंच पर आमंत्रित कर सदस्यता प्रमाण पत्र, कॉलर पिन, अंगवस्त्र एवं गुलाब कली भेंट कर स्वागत किया गया। इनमें अनुज अग्रवाल, करण सिंह सैनी, राघव आर्य, हेमंत अरोड़ा, विशाल सोढी, राहुल मल्होत्रा, मोहम्मद नबीन, मोहम्मद मुकर्रम, अनुराग त्यागी, रजत गुप्ता, वरुण चोपड़ा, अंकित जैन, मरगूब आलम सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन संदीप शर्मा ने किया।
अपने संबोधन में अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी ने कहा कि 45 नए सदस्यों का जुड़ना संस्था के प्रति बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने 26 जनवरी को आयोजित होने वाले 77वें गणतंत्र दिवस समारोह में सभी सदस्यों को आमंत्रित किया। साथ ही ‘सीआईएस औद्योगिक संवाद–25’ की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों से उद्योगों की समस्याओं पर सार्थक संवाद हुआ।
उन्होंने बताया कि विद्युत विभाग द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को लेकर विभाग से वार्ता हुई है। जो उद्यमी स्मार्ट मीटर लगवाना चाहते हैं, वे शुक्रवार को विभाग को सूचना दें, ताकि उत्पादन प्रभावित न हो। इसके अतिरिक्त दिल्ली रोड स्थित छिदवाना मार्ग से आगे नाले की सफाई के लिए जिला पंचायत द्वारा 29 जनवरी 2026 को टेंडर स्वीकृत किया गया है और शीघ्र सफाई कार्य शुरू होगा।
मुख्य अतिथि अजय कुमार सिंह ने कहा कि संकल्प, सद्भावना, सौहार्द, समन्वय और संवाद के सिद्धांतों पर चलते हुए संस्था ने अपनी अलग पहचान बनाई है। उद्योगों के विकास के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में संस्था का योगदान सराहनीय है।
एच.एस. चड्ढा ने आश्वस्त किया कि किसी भी उद्यमी की समस्या का समाधान जिला उद्योग बंधु एवं मंडलीय उद्योग बंधु के माध्यम से त्वरित कराया जाएगा।
बैठक में इंपीरियल ओपुलेंट एवं एक्सिस मैक्स लाइफ इंश्योरेंस के प्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने प्रोजेक्ट्स पर प्रेजेंटेशन भी दिया गया। औद्योगिक संवाद में विशेष योगदान के लिए रवि टंडन को सम्मान पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में कोषाध्यक्ष विजय वशिष्ठ ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा राष्ट्रगान के साथ बैठक का समापन हुआ। बैठक में अमर गुप्ता, अमित चौधरी, नीरज मिड्ढा, संजय गुप्ता, सक्षम बत्रा, गौरव जैन, कमलेश अग्रवाल, डीके गुप्ता, वेद कुमार मिश्रा, सुनील सुरी, निशा शर्मा, सुषमा बजाज, रविंद्र कालड़ा, आरके गुप्ता, धीरज मिगलानी, संजय अरोड़ा, राजीव धारिया, नवीन सैनी, के.एल. अरोड़ा, औसफ गुड्डू, दीपक बाटला, गिरीश मित्तल, हेमंत जोशी, नितिन जैन, भारत बत्रा, रवींद्र वर्मा सहित लगभग 200 से अधिक सदस्य एवं अतिथि उपस्थित रहे।









