सहारनपुर

प्राथमिक विद्यालय छुटमलपुर नंबर दो में ठाकुर रोशन सिंह की जयंती व बसंत पंचमी का आयोजन

शहरी चौपाल ब्यूरो 

छुटमलपुर (सहारनपुर)। प्राथमिक विद्यालय छुटमलपुर नंबर दो में गुरुवार को महान स्वतंत्रता सेनानी एवं काकोरी ट्रेन कांड के क्रांतिकारी शहीद ठाकुर रोशन सिंह की 134वीं जयंती तथा बसंत पंचमी का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को देश के महान क्रांतिकारियों के बलिदान से अवगत कराते हुए राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका अंजली आर्य ने बच्चों को बताया कि ठाकुर रोशन सिंह का जन्म 22 जनवरी 1892 को उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जनपद में हुआ था। वे भारत के स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रांतिकारियों में से एक थे और काकोरी ट्रेन एक्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने बताया कि काकोरी ट्रेन एक्शन के माध्यम से क्रांतिकारियों ने अंग्रेजी शासन के खजाने को लूटकर यह संदेश दिया था कि उनका संघर्ष आम जनता के खिलाफ नहीं, बल्कि ब्रिटिश हुकूमत के विरुद्ध है।

शिक्षिका ने बच्चों को जानकारी दी कि काकोरी कांड में चार महान क्रांतिकारियों राजेंद्र कुमार लाहिड़ी, राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान और ठाकुर रोशन सिंह को मृत्युदंड दिया गया था। राजेंद्र कुमार लाहिड़ी को 17 दिसंबर को गोंडा कारागार में तथा शेष तीनों को 19 दिसंबर को उत्तर प्रदेश की अलग-अलग जेलों में फांसी दी गई थी। उन्होंने कहा कि ऐसे महान बलिदानियों को सदैव स्मरण करते हुए उनके प्रति कृतज्ञ रहना हम सभी का कर्तव्य है।

बसंत पंचमी की पूर्व संध्या पर बच्चों को पर्व के महत्व की जानकारी दी गई तथा पतंग क्राफ्ट गतिविधि का आयोजन किया गया। शिक्षिका अंजली आर्य के मार्गदर्शन में बच्चों ने रंग-बिरंगी और सुंदर पतंगें बनाईं। शिक्षकों मीनाक्षी और मोहम्मद नसीम ने बच्चों को चाइनीज मांझे से दूर रहने और बड़ों की निगरानी में ही त्योहार सुरक्षित रूप से मनाने की सीख दी।

कार्यक्रम में अर्शी, जिया, असद, शिफा, जिया निशात सहित अन्य छात्र-छात्राएं एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!