मां जगदम्बा कुटुम्ब ने दोहराया नर सेवा-नारायण सेवा का संकल्प
गरीबों एवं जरूतमंदों को वितरित किए कम्बल


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। कड़ाके की ठंड और मकर संक्रांति के पावन पर्व के अवसर पर माँ जगदम्बा कुटुम्ब द्वारा नर सेवा-नारायण सेवा का संकल्प दोहराया गया। माँ जगदम्बा कुटुम्ब के तत्वाधान में कम्बल, चाय, बिस्कुट, नमकीन व खिचड़ी का वितरण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर प्रसाद के रूप में गरमागरम खिचड़ी ग्रहण की। इस दौरान कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने संस्था के इस मानवीय प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना की। भगवती राज राजेश्वरी ललिता त्रिपुर सुन्दरी माँ शाकम्भरी की अनवरत कृपा एवं परम पूज्य श्री गुरुदेव आचार्य पं. प्रगीत कौशिक महाराज के सानिध्य में एवं माँ जगदम्बा कुटुम्ब के तत्वावधान में भगवान भास्कर के दक्षिणायन से उत्तरायण में प्रवेश करने के महापर्व मकर संक्रांति के उपलक्ष में दरिद्र नारायण सेवा हेतु अन्न-वस्त्र चाय आदि वितरण कार्यक्रम का आयोजन रेलवे स्टेशन निकट वाल्मीकि मंदिर के पास किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए परम पूज्य श्री गुरुदेव आचार्य पं. प्रगीत कौशिक महाराज ने सैकड़ों गरीब एवं असहाय महिलाओं-पुरुषों को गर्म कंबल वितरित किए। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मकर संक्रांति के पावन अवसर पर चाय, बिस्कुट, नमकीन व खिचड़ी का वितरण करने के साथ जरूरतमंदों को कंबल देकर मानव सेवा का पुनीत कार्य किया गया। उन्होंने कहा कि गरीबों व जरुरतमंद लोगों की सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है। मकर संक्रांति का पर्व सेवा, दान और परोपकार का संदेश देता है। कार्यक्रम में कम्बल प्राप्त करने वाले लोगों ने माँ जगदम्बा कुटुम्ब से जुड़े लोगों का आभार जताया। सेवा के इस पुनीत कार्य को सफल बनाने में अरुण राणा, मुकेश मित्तल, अक्षय अग्रवाल, पं. ललित कपिल, सचिन गोयल, संजय बंसल, संकेत गोयल, आरजू शर्मा और भारती बंसल सहित माँ जगदम्बा कुटुम्ब के अनेक सेवादारों का विशेष सहयोग रहा।







