मकर संक्रांति पर आईआईए सहारनपुर चैप्टर का सेवा अभियान, कंबल व खिचड़ी वितरण


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। मकर संक्रांति के शुभ एवं पावन अवसर पर इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) सहारनपुर चैप्टर की ओर से कंबल एवं खिचड़ी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह सेवा कार्यक्रम रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर, वाल्मीकि मंदिर तथा कुष्ठ आश्रम खलासी लाइन में संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में जरूरतमंद व असहाय लोगों को शीत ऋतु में ठंड से राहत प्रदान की गई।
कार्यक्रम का सुव्यवस्थित एवं प्रभावी संचालन महासचिव कुशल शर्मा एवं कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र मोहन कालरा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर चैप्टर चेयरमैन गौरव चोपड़ा ने कहा कि आईआईए केवल औद्योगिक गतिविधियों तक सीमित न रहकर सामाजिक एवं धार्मिक दायित्वों के निर्वहन में भी सदैव अग्रणी भूमिका निभाती रही है। उन्होंने बताया कि ‘नर सेवा नारायण सेवा’ की भावना से प्रेरित होकर शीत ऋतु में जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने जानकारी दी कि इससे पूर्व संस्था द्वारा सदस्यों के सहयोग से जिला जेल में 250 कंबल कैदियों को वितरित किए गए थे तथा मकर संक्रांति के अवसर पर वाल्मीकि मंदिर एवं कुष्ठ आश्रम में भी 250 कंबलों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर विधायक राजीव गुंबर एवं महिपाल वाल्मीकि, सदस्य एससी/एसटी आयोग उत्तर प्रदेश सरकार उपस्थित रहे। उन्होंने कंबल एवं खिचड़ी वितरित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और आईआईए सहारनपुर चैप्टर द्वारा किए जा रहे इस मानव सेवा कार्य की सराहना की।
अंत में संस्था की ओर से सभी अतिथियों, सहयोगियों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रमोद सडाना, मंडलीय अध्यक्ष सतीश अरोड़ा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष परविंदर सिंह, स्पेशल इनवाइटी हरजीत सिंह, उपाध्यक्ष संजय कपूर, अरशद अहमद, पुनीत कुमार, श्रवण भाटिया सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।







