20 फरवरी को दिल्ली से जलियांवाला बाग तक खालिस्तानी मुहिम के विरोध में निकलेगी रथ यात्रा: वीरेश शांडिल्य
रालोद खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चैधरी नीरपाल सिंह के आवास पर किया स्वागत


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। एंटी टेरोरिस्ट फ्रंट इंडिया एवं विश्व हिंदू तख्त के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेश शांडिल्य ने घोषणा की कि आगामी 20 फरवरी को दिल्ली से अमृतसर स्थित जलियांवाला बाग तक खालिस्तानी मुहिम के विरोध में रथ यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि इस रथ यात्रा के माध्यम से खालिस्तान समर्थक गतिविधियों के खिलाफ देशभर में जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा। वीरेश शांडिल्य मंगलवार को हकीकत नगर स्थित राष्ट्रीय लोकदल खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चै. नीरपाल सिंह के निवास पर पत्रकारों से वार्ता के दौरान बातचीत कर रहे थे। सहारनपुर पहुंचने पर खेल प्रकोष्ठ के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाएं पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर चै. नीरपाल सिंह ने वीरेश शांडिल्य को स्मृति चिन्ह व शॉल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही एंटी टेरोरिस्ट फ्रंट इंडिया के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष मनीष पाशी को भी सम्मानित किया गया। श्री शांडिल्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में रामराज की स्थापना हुई है और आज यूपी पुलिस (खाकी) का सम्मान न केवल देश बल्कि विश्व स्तर पर गर्व से लिया जाता है। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता सर्वोपरि है और इसके लिए सभी नागरिकों को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। वीरेश शांडिल्य ने देश के मुस्लिम समाज से भी अपील करते हुए कहा कि वे महान स्वतंत्रता सेनानी अशफाक उल्ला खान की सोच पर चलते हुए भारत माता का सम्मान करें और देश की एकता व अखंडता की रक्षा में अपना योगदान दें। इस मौके पर रिंकू सोनकर, अरविंद मलिक, पप्पू चैधरी, राजदीप ढाका, मनोज मलिक, गोल्डी पाहवा सहित राष्ट्रीय लोकदल एवं एंटी टेरोरिस्ट फ्रंट इंडिया के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







