मिर्जापुर पुलिस से मुठभेड़ में नशा तस्कर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली, भारी मात्रा में चरस बरामद


शहरी चौपाल ब्यूरो
बेहट। मिर्जापुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान नशीले पदार्थों की तस्करी में लिप्त एक नशा तस्कर को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध चरस, तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
सोमवार देर रात कोतवाली मिर्जापुर पुलिस टीम शेरपुर पेलो पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा टॉर्च की रोशनी दिखाकर उन्हें रुकने का इशारा किया गया, लेकिन पुलिस को देखते ही दोनों संदिग्धों ने जानलेवा नीयत से फायरिंग कर दी और कासमपुर की ओर भागने लगे।
पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया तो उन्होंने दोबारा पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। कुछ दूरी पर बदमाशों की मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद दोनों बदमाश मोटरसाइकिल छोड़कर खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह ने बताया कि घायल अवस्था में गिरफ्तार बदमाश ने अपना नाम नदीम पुत्र नाजिम, निवासी ग्राम रायपुर, थाना मिर्जापुर बताया है। उसके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस 315 बोर, एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल तथा 550 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई है।
उन्होंने बताया कि घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार नशा तस्कर के खिलाफ पूर्व में भी लगभग एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने मामले में विधिक कार्रवाई करते हुए फरार साथी की तलाश तेज कर दी है।



















