सहारनपुर

मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत नानौता में महिलाओं व बालिकाओं के लिए जागरूकता चौपाल आयोजित

शहरी चौपाल ब्यूरो 

नानौता (सहारनपुर)। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मिशन शक्ति’ योजना के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और सार्थक कदम उठाया गया। मंगलवार को थाना नानौता क्षेत्र की राजीव गांधी कॉलोनी में मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता गोष्ठी/चौपाल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन एवं नेतृत्व निरीक्षक ममतेश, प्रभारी मिशन शक्ति पुलिस लाइन सहारनपुर ने किया। पुलिस उप महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस चौपाल में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बालिकाएं शामिल हुईं। निरीक्षक ममतेश ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि मिशन शक्ति केवल एक अभियान नहीं, बल्कि महिलाओं को भयमुक्त समाज देने की ठोस प्रतिबद्धता है। उन्होंने अपील की कि किसी भी समस्या या अपराध की स्थिति में बिना किसी संकोच के तुरंत पुलिस से संपर्क करें।

कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक राधा चौहान ने विस्तार से महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने गुड टच-बैड टच, बाल विवाह रोकथाम, महिलाओं के कानूनी अधिकार, स्वावलंबन के अवसरों तथा डिजिटल अरेस्टिंग जैसी झूठी अफवाहों से बचाव पर प्रकाश डाला। विशेष रूप से साइबर अपराध और साइबर फ्रॉड से सुरक्षा के प्रभावी तरीकों पर जागरूक किया गया।

इसके अलावा सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना तथा बच्चों के लिए संचालित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। महिलाओं को आवश्यक हेल्पलाइन नंबर भी बताए गए, जिनमें-1090 – वूमेन पावर लाइन,1930 – साइबर हेल्पलाइन,112 – पुलिस आपातकालीन सेवा,108 – एंबुलेंस सेवा,102 – गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं हेतु एंबुलेंस,1098 – चाइल्ड लाइन,1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन मिशन शक्ति केंद्रों के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, महिला कांस्टेबल तनु शर्मा, मोनिका शर्मा, पूजा, ज्योति, सहित पुलिस बल की सक्रिय टीम उपस्थित रही।

 

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!