स्वामी विवेकानंद आज भी युवाओं के प्रेरणास्रोत : शीतल टण्डन


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । राष्ट्रीय युवा दिवस की पूर्व संध्या पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की एक विशेष बैठक स्थानीय रेलवे रोड स्थित कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में स्वामी विवेकानंद की जयंती का स्मरण करते हुए व्यापार मंडल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष शीतल टण्डन ने कहा कि स्वामी विवेकानंद आज भी देश के युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि जब भारत ब्रिटिश शासन के अधीन था, तब स्वामी विवेकानंद ने “उठो, जागो और तब तक नहीं रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए” जैसा संदेश देकर देशवासियों को जागृत किया।
शीतल टण्डन ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारतीय ज्ञान, आध्यात्म और सनातन संस्कृति का संदेश पूरी दुनिया में फैलाया। उनकी लोकप्रियता का अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि आज भी देश के अधिकांश शिक्षित युवा उन्हें अपना आदर्श मानते हैं। उन्होंने कहा कि स्वामी जी के प्रत्येक विचार और व्याख्यान अनुकरणीय हैं। उनका संदेश था कि विश्व की समस्त शक्तियां हमारे भीतर हैं, हम स्वयं अपनी आंखों पर हाथ रखकर अंधकार का अनुभव करते हैं, हाथ हटाते ही प्रकाश दिखाई देता है।
उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद रामकृष्ण मिशन के माध्यम से जीवन भर गरीबों, असहायों और पीड़ितों की सेवा में जुटे रहे। उन्होंने राजयोग, कर्मयोग, ज्ञानयोग और भक्तियोग जैसी महत्वपूर्ण पुस्तकों की रचना की। महिला शिक्षा और सामाजिक सुधार के क्षेत्र में भी उनका योगदान अतुलनीय रहा। वर्ष 1901-02 में कलकत्ता में फैले प्लेग के दौरान उन्होंने रोगियों की निस्वार्थ सेवा की, जिससे उनका स्वास्थ्य गिरता चला गया और अंततः मात्र 39 वर्ष की आयु में 4 जुलाई 1902 को उनका निधन हो गया।
श्री टण्डन ने कहा कि अल्प आयु में भी स्वामी विवेकानंद का ज्ञान असीम था। राष्ट्र निर्माण को जीवन का लक्ष्य मानने वाले स्वामी जी ने देश के स्वाभिमान, एकता, सांस्कृतिक चेतना, महिला सशक्तिकरण और वैचारिक क्रांति को सदैव प्राथमिकता दी। उनके विचार—डर से न भागो, उसका सामना करो; केवल लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करो; संस्कृति वस्त्रों में नहीं, चरित्र में होती है—आज भी युवाओं को दिशा देने वाले हैं।
बैठक में माघ मेला, लोहड़ी एवं मकर संक्रांति पर्व की शुभकामनाएं भी दी गईं। साथ ही देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे के प्रणेता भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक में जिलाध्यक्ष शीतल टण्डन, जिला महामंत्री रमेश अरोड़ा, जिला कोषाध्यक्ष कर्नल संजय मिड्ढा, मेजर एस.के. सूरी, रमेश डावर, पवन कुमार गोयल, संदीप सिंघल, राजीव अग्रवाल, अनिल गर्ग, बलदेव राज खुंगर, संजय महेश्वरी, अभिषेक भाटिया, संजीव सचदेवा, मुरली खन्ना, अरविंद शाह सहित अनेक व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।







