हिंदू जागरण मंच की बैठक में बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे उत्पीड़न पर आक्रोश, शाहरुख खान का पुतला फूंका


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। हिंदू जागरण मंच सहारनपुर की एक महत्वपूर्ण बैठक शास्त्री नगर स्थित कार्यालय पर आहूत की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री भानू प्रताप सिंह द्वारा किया गया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में हिंदू जागरण मंच पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष ठाकुर सूर्यकांत सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने पौष पूर्णिमा एवं सहारनपुरवासियों की कुल देवी शाकंभरी माता के प्रकटोत्सव की सभी उपस्थित सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। इसके उपरांत उन्होंने पड़ोसी देश बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित उत्पीड़न की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की।
ठाकुर सूर्यकांत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ अत्याचार, हिंसा और उत्पीड़न की घटनाएं चरम पर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां हिंदुओं को चुन-चुनकर मारा जा रहा है तथा महिलाओं और बच्चियों के साथ अमानवीय कृत्य किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे समय में भारत के कुछ लोग, विशेष रूप से फिल्म अभिनेता शाहरुख खान, बांग्लादेशी खिलाड़ियों के माध्यम से वहां धन उपलब्ध करा रहे हैं, जो देश के साथ गद्दारी के समान है।
उन्होंने कहा कि शाहरुख खान द्वारा बांग्लादेशी खिलाड़ी रहमान को करोड़ों रुपये में खरीदने की बात सामने आई है, जो अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ऐसे खिलाड़ियों को भारतीय टीमों में शामिल किया गया तो उनका कड़ा विरोध किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के बहिष्कार की भी चेतावनी दी।
ठाकुर सूर्यकांत सिंह ने कहा कि देश की जनता ने जिन लोगों को सम्मान और संपन्नता दी है, यदि वही लोग देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होंगे तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने शाहरुख खान से अपील की कि यदि वे वास्तव में भारत और हिंदुओं से प्रेम करते हैं, तो बांग्लादेशी खिलाड़ी को अपनी टीम से बाहर करें।
बैठक के दौरान बांग्लादेश में मारे गए हिंदुओं की आत्मा की शांति के लिए सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात विरोध स्वरूप शाहरुख खान का पुतला दहन किया गया।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष रामदीप बंसल, धर्मपाल कश्यप, अनिल कुमार, तिवारी, सुनील त्यागी, रजत गोयल, शुभम धीमान, सुन्दर दास, मोहित, रामकेवल यादव, कुलदीप राणा, मनोज तिवारी, भानु राणा, अनुरंजन गुप्ता, शिवम, सन्नी, हुकम सिंह, विनय, रुद्र प्रताप राणा, निशांत राणा, ठाकुर संजय राणा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







