राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का हुआ शुभारम्भ, यातायात नियमों के पालन का लिया संकल्प


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सम्भागीय परिवहन कार्यालय, सहारनपुर में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का आधिकारिक शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ सम्भागीय परिवहन अधिकारी शंकर जी सिंह एवं पुलिस अधीक्षक (यातायात) शैलेन्द्र श्रीवास्तव द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
इस अवसर पर ए.आर.टी.ओ. एम.पी. सिंह, संदीप जायसवाल, पी.टी.ओ. वी.वी. शुक्ला, यातायात निरीक्षक अमित तोमर व लोकेश कुमार, आर.आई. रोहित सिंह, मुख्य यातायात वार्डन डॉ. योगेन्द्र दुहेड़ा, ट्रांसपोर्ट यूनियन अध्यक्ष पी.पी. सिंह, विभिन्न परिवहन व्यवसायीगण एवं अखंड हिन्द फौज के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आमजन से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की। ‘राहवीर योजना’ से जुड़कर सड़क दुर्घटना पीड़ितों की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान किया गया। साथ ही माह भर चलने वाले जागरूकता एवं प्रवर्तन से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर संकल्प लिया। पुलिस अधीक्षक (यातायात) एवं सम्भागीय परिवहन अधिकारी द्वारा सड़क सुरक्षा संदेश वाहिनी (प्रचार वाहन) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर सड़क सुरक्षा का संदेश प्रसारित करेगी।
कार्यक्रम के अंत में सड़क सुरक्षा के नारे लगाते हुए जन-जागरूकता मार्च निकाला गया तथा सड़क सुरक्षा कैलेंडर 2026 का वितरण भी किया गया। आयोजन का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर आमजन की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।







