सहारनपुर

नवाचार, नव निर्माण और जल संरक्षण से ही मजबूत होंगे शहर : महापौर डॉ. अजय कुमार

प्रदेश महापौर सम्मेलन में सहारनपुर के महापौर ने रखे विकास के अनुभव, अध्ययन भ्रमण पर दिया जोर

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। सहारनपुर के महापौर डॉ. अजय कुमार ने अयोध्या में आयोजित प्रदेश स्तरीय महापौर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि महानगरों के सर्वांगीण विकास के लिए नवाचार, नव निर्माण एवं जल संरक्षण के क्षेत्र में नई ऊर्जा और दृढ़ संकल्प के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अन्य नगर निगमों में किए गए श्रेष्ठ कार्यों को अपनाने के लिए अध्ययन भ्रमण (स्टडी टूर) बेहद उपयोगी सिद्ध हो सकता है।

प्रदेश महापौर सम्मेलन का आयोजन अयोध्या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें लखनऊ, कानपुर, झांसी, अलीगढ़, मुरादाबाद, प्रयागराज, गोरखपुर सहित कई नगर निगमों के महापौर एवं प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। सम्मेलन में नगर निगमों की आय बढ़ाने, नवाचार और आत्मनिर्भर शहरी विकास को लेकर विस्तृत मंथन हुआ।

महापौर डॉ. अजय कुमार ने सहारनपुर नगर निगम द्वारा किए गए जनहितकारी कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि नगर में वेंडरों को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विशेष कदम उठाए गए हैं। वेंडरों के लिए स्ट्रीट वेंडिंग ज़ोन विकसित किए गए हैं तथा साप्ताहिक बाजार की व्यवस्था भी लागू की जा रही है, जिससे उनका जीवन स्तर बेहतर हो सके।

उन्होंने बताया कि सहारनपुर में 55 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विशाल सरोवर का निर्माण कराया गया है, वहीं अतिक्रमण का शिकार हुई 141 जल संरचनाओं को पुनर्जीवित करने का कार्य भी प्रगति पर है। पार्षदों को अन्य जनपदों में भेजकर वहां के विकास कार्यों से सीखने का अवसर दिया गया है।

महापौर डॉ. अजय कुमार ने नगर निगम बैठकों में होने वाले विवादों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की घटनाएं निगमों की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं, इसलिए सभी जनप्रतिनिधियों को संयम और सकारात्मक सोच के साथ कार्य करना चाहिए।

 

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!