मान्यता प्राप्त विद्यालयों की समस्याओं पर शिक्षक संघ की बैठक, नई ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन


शहरी चौपाल ब्यूरो
नकुड़ (सहारनपुर)। उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त शिक्षक संघ की ब्लॉक इकाई नकुड़ की एक महत्वपूर्ण बैठक सरस्वती ज्ञान कलश विद्यालय, नया गांव में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विद्यालय की चेयरमैन कुमुद वर्मा ने की।
बैठक में मान्यता प्राप्त विद्यालयों को संचालित करने में आ रही विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके समाधान के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई। सभी विद्यालय संचालकों ने एकजुट होकर अपने स्वाभिमान की रक्षा करते हुए शिक्षक संघ से मजबूती से जुड़े रहने का संकल्प लिया। इस दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि शासन-प्रशासन द्वारा मान्यता प्राप्त विद्यालयों का किसी भी प्रकार का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष अशोक मलिक के निर्देशन में संगठन को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से जिला अध्यक्ष योगेश शर्मा ने ब्लॉक नकुड़ की कार्यकारिणी का गठन किया। इसमें जनक सिंह को ब्लॉक अध्यक्ष, जितेंद्र सिंह राठी को ब्लॉक महासचिव, निर्जेश त्यागी को ब्लॉक उपाध्यक्ष, कपिल कुमार को ब्लॉक संगठन मंत्री तथा आदेश को ब्लॉक कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया। ब्लॉक कार्यकारिणी के विस्तार के लिए ब्लॉक अध्यक्ष जनक सिंह को अधिकृत करते हुए अगले दो दिनों में सभी पदाधिकारियों की सूची जिला अध्यक्ष को प्रेषित करने का आग्रह किया गया।
प्रदेश कोषाध्यक्ष मास्टर वीरेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षक संघ का उद्देश्य विद्यालय संचालकों के हितों की रक्षा के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से देश के भविष्य का निर्माण करना है। उन्होंने सभी से अपने-अपने विद्यालयों में पूर्ण मेहनत और लगन से कार्य करने का आह्वान किया।
प्रदेश महासचिव अरविंद शर्मा ने शिक्षक संघ के इतिहास और शिक्षा क्षेत्र में उसकी उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। वहीं प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक मलिक ने बैठक में उपस्थित सभी लोगों का अभिवादन करते हुए संगठन को सशक्त बनाने के लिए सहयोग की अपील की।
बैठक में प्रमुख रूप से जितेंद्र राठी, कपिल राठी, प्रदीप आर्य, राजेंद्र सिंह, इकरार अहमद, आलोक शर्मा, शीशपाल, निटू कुमार, दिनेश शर्मा, संदीप कुमार, आदेश कुमार, मुकेश कुमार, दिनेश कुमार, कंवरपाल सिंह, अजय सैनी, प्रवेश सैनी, राजेश्वर वर्मा सहित अनेक विद्यालय संचालक उपस्थित रहे। बैठक का संचालन ब्लॉक अध्यक्ष जनक सिंह ने किया।







