रालोद ने धूमधाम से मनाई चौधरी चरण सिंह की 123वीं जयंती, हवन-यज्ञ व विचार गोष्ठी का आयोजन


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। देश के पूर्व प्रधानमंत्री, किसानों के मसीहा और भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की 123वीं जयंती राष्ट्रीय लोक दल जनपद सहारनपुर द्वारा पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे अस्पताल चौक पर स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई, जहां पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके पश्चात दिल्ली रोड स्थित राष्ट्रीय लोक दल के जिला कार्यालय पर चौधरी चरण सिंह की आत्मा की शांति के लिए विधिवत हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया तथा मिष्ठान वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान किसानों और मजदूरों के हितों को समर्पित चौधरी साहब के योगदान को याद किया गया।
इस अवसर पर चौधरी चरण सिंह की नीतियों और विचारधारा पर चर्चा के लिए एक विचार गोष्ठी का आयोजन भी किया गया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष शाह जमा खान और प्रदेश महासचिव चौधरी धीरसिंह ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ईमानदारी और सादगी की जीवंत मिसाल थे। उन्होंने जीवनभर गांव, गरीब, देहात, किसान और मजदूरों के उत्थान के लिए कार्य किया और उनके हित में अनेक योजनाएं व कानून बनाए।
वक्ताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री रहते हुए चौधरी चरण सिंह ने जमींदारी उन्मूलन, पटवारी राज का खात्मा, चकबंदी कानून, मंडी समिति कानून, ग्रामीण विकास मंत्रालय की स्थापना जैसे ऐतिहासिक फैसले लिए, जिनका लाभ आज भी किसानों और मजदूरों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आज उन्हीं के पदचिह्नों पर चलते हुए राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री माननीय जयंत चौधरी किसान, मजदूर और वंचित वर्ग की तरक्की के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम में प्रदेश सचिव चौधरी अयूब हसन, क्षेत्रीय महासचिव रमेश चौहान, महावीर सैनी एडवोकेट, मनोज वर्मा, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष प्रधान जसमेर सिंह, जिला उपाध्यक्ष चौधरी गजेंद्र सिंह, चौधरी यशवीर सिंह, ठाकुर मूलचंद सिंह, जिला महासचिव विशाल कंबोज, पंडित दिनेश शर्मा, पार्षद पति भूरा मलिक, व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मंजुल चावला, राव इरफान, प्रवेश कश्यप, ननौता नगर अध्यक्ष शहजाद मलिक, सरसावा नगर अध्यक्ष नेत्रपाल सिंह कश्यप, देहात विधानसभा प्रभारी मोहम्मद नासिर, प्रधान मेहरबान, अनुराग चौधरी, रजनीश चौधरी, चौधरी हरिंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में रालोद पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।







