बालगृह व दत्तक ग्रहण इकाई का उच्चाधिकारियों ने किया निरीक्षण


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में बाल संरक्षण व्यवस्थाओं की समीक्षा के उद्देश्य से जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी मनीश बसंल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आषीश तिवारी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा बालगृह (बालिका), पुष्पांजलि विहार, जनता रोड, सहारनपुर तथा विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण इकाई, छुटमलपुर, सहारनपुर का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बालगृह (बालिका) में कुल 35 बालिकाएं निवासरत पाई गईं। इनमें से 1 बालिका राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय, पुवारंका तथा 03 बालिकाएं कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, खलासी लाइन, सहारनपुर में अध्ययनरत हैं। संस्था में भोजन मेन्यू के अनुसार दिया जा रहा था, जिसे संतोषजनक पाया गया। साफ-सफाई की व्यवस्था भी ठीक पाई गई। अधिकारियों द्वारा शौचालय एवं बाथरूम की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। शीतकाल को ध्यान में रखते हुए बालिकाओं के लिए अलाव जलाने, पीने के लिए गर्म पानी एवं स्नान हेतु गर्म पानी की उचित व्यवस्था कराने तथा गर्म कपड़ों (शॉल, स्वेटर, टोपी आदि) की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा की दृष्टि से संस्था में एक महिला आरक्षी एवं एक पुरुष होमगार्ड तैनात पाए गए तथा सीसीटीवी कैमरे सुचारू अवस्था में कार्यरत मिले। इसके पश्चात विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण इकाई, छुटमलपुर का निरीक्षण किया गया, जहां 09 शिशु निवासरत पाए गए, जो सभी स्वस्थ अवस्था में थे। बच्चों के खेलने व चहलकदमी के लिए पर्याप्त खुला स्थान उपलब्ध पाया गया। शिशुओं के मनोरंजन हेतु झूले, टीवी केबल कनेक्शन, म्यूजिक पालना, वॉकर आदि की व्यवस्था की गई है। साफ-सफाई, गर्म कपड़े, गर्म पानी एवं पर्याप्त बिस्तर की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। सुरक्षा हेतु कमरों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित पाए गए। निरीक्षण के दौरान संस्थाओं के प्रभारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



















