सहारनपुर

अंगीठी की जहरीली गैस से सहारनपुर के 5 मजदूरों की दर्दनाक मौत

ठंड से बचने के लिए कमरे में जलाई थी अंगीठी, सोते समय जहरीली गैस से दम घुटा, हरियाणा के कुरुक्षेत्र में हुआ हादसा

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। सर्दी से बचने की कोशिश में एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद के शेखपुरा कदीम गांव के पांच मजदूरों की अंगीठी से निकली जहरीली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस से दम घुटने के कारण मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में कोहराम मचा हुआ है और हर आंख नम है। मिली जानकारी के अनुसार शेखपुरा कदीम गांव के रहने वाले पांच मजदूर दो दिन पूर्व पेंटिंग का काम करने के लिए हरियाणा के कुरुक्षेत्र गए थे। काम निपटाने और रात का भोजन करने के बाद सभी मजदूर ठंड से बचने के लिए बंद कमरे में अंगीठी जलाकर सो गए। कमरे में वेंटिलेशन न होने के कारण रात में ही जहरीली गैस भर गई और सभी मजदूरों की नींद में ही मौत हो गई। सुबह जब काफी देर तक कमरे में कोई हलचल नहीं हुई तो पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने दरवाजा तोड़ा तो अंदर का मंजर देखकर सन्न रह गए। कमरे में सभी पांचों मजदूर मृत अवस्था में पड़े थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर कुरुक्षेत्र के अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार मौत का कारण कार्बन मोनोऑक्साइड गैस है, जो रंगहीन, गंधहीन होती है और शरीर में ऑक्सीजन की आपूर्ति रोककर चुपचाप दम घोंट देती है। मृतकों की पहचान सहारनपुर जनपद के ग्राम शेखपुरा कदीम निवासी रोशन पाल, मदन पाल पुत्र मेघराज, रामकुमार, नूर ठेकेदार, सोनूके रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि नूर ठेकेदार की शादी मात्र छह माह पूर्व हुई थी, जबकि सोनू की शादी तीन वर्ष पहले हुई थी। दोनों सगे भाई थे। वहीं रोशन पाल और रामकुमार आपस में साले-जीजा थे। सभी मृतक अत्यंत गरीब परिवारों से थे और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही शेखपुरा कदीम गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक परिजन ने बताया, रोजगार के लिए बाहर गए थे, कल ही फोन पर बात हुई थी। हमें क्या पता था कि यह आखिरी बात होगी। पुलिस ने मौके से अंगीठी बरामद कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। पोस्टमार्टम के बाद सभी पांचों शवों को कुरुक्षेत्र से गांव लाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, शव कल दोपहर तक शेखपुरा कदीम गांव पहुंचेंगे, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!