रेलवे रोड पर जिला व्यापार मंडल ने किया क्रिसमस शोभायात्रा का भव्य स्वागत


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। क्रिसमस के पावन पर्व के उपलक्ष्य में 20 दिसंबर को निकाली गई भव्य क्रिसमस शोभायात्रा का रेलवे रोड पर जिला व्यापार मंडल सहारनपुर के सदस्यों द्वारा भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्साह, उमंग और आपसी भाईचारे का सुंदर दृश्य देखने को मिला।
रेलवे रोड पर जिला व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का अभिनंदन किया और क्रिसमस पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। स्वागत कार्यक्रम में व्यापार मंडल से जुड़े प्रमुख पदाधिकारी एवं सदस्य शीटल टंडन, कर्नल संजय मिड्ढा, संजीव सचदेवा सहित अन्य गणमान्य व्यापारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि क्रिसमस का पर्व प्रेम, शांति और मानवता का संदेश देता है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी सौहार्द, भाईचारे और एकता को सशक्त करते हैं। जिला व्यापार मंडल सहारनपुर सदैव सभी धर्मों और समुदायों के पर्वों का सम्मान करता रहा है और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, सजे-धजे वाहन और मधुर क्रिसमस गीत लोगों को आकर्षित करते नजर आए। बड़ी संख्या में नागरिकों ने सड़क किनारे खड़े होकर शोभायात्रा का स्वागत किया और उत्सव में सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं और शहर में शांति, सौहार्द और खुशहाली की कामना की।







