23 दिसंबर को किसान सम्मान दिवस के रूप में मनाया जाएगा चौधरी चरण सिंह का जन्मदिवस : जिलाधिकारी


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह के जन्मदिवस 23 दिसंबर 2025 को जनपद में “किसान सम्मान दिवस” के रूप में पूर्ण निष्ठा एवं गरिमा के साथ मनाया जाएगा। यह जानकारी जिलाधिकारी मनीष बंसल ने दी।
जिलाधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन 23 दिसंबर को प्रातः 10 बजे से राजकीय आईटीआई मैदान, दिल्ली रोड, सहारनपुर में किया जाएगा। किसान सम्मान दिवस के अवसर पर आत्मा योजना के अंतर्गत जनपद स्तरीय किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मेले में कृषि वैज्ञानिकों द्वारा आधुनिक कृषि तकनीकों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी, वहीं विभिन्न विभागों के अधिकारी कृषकों को सरकार की लाभकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा जनपद में उच्चतम उत्पादकता प्राप्त करने वाले एवं विशिष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित किया जाएगा।
किसान सम्मान दिवस के अवसर पर कृषि, गन्ना, उद्यान, पशुपालन, कृषि विज्ञान केंद्र एवं मत्स्य विभाग द्वारा कुल 83 किसानों को सम्मानित किया जाएगा।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने जनपद के सभी कृषकों से अपील की कि वे स्व. चौधरी चरण सिंह के जन्मदिवस पर आयोजित किसान सम्मान दिवस, जनपद स्तरीय किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर कार्यक्रम को सफल बनाएं।







