अगले साल डेढ़ लाख सरकारी नौकरियां देगी योगी सरकार


शहरी चौपाल ब्यूरो
लखनऊ। प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 में युवाओं को बड़ी सौगात देने की तैयारी कर ली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर विभागवार रिक्त पदों का ब्योरा तैयार कर लिया गया है, जिसके तहत अगले साल प्रदेश में करीब डेढ़ लाख सरकारी नौकरियों पर भर्ती की जाएगी। पुलिस, शिक्षा, राजस्व समेत कई प्रमुख विभागों में बड़े पैमाने पर भर्तियां होंगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में एक उच्च स्तरीय बैठक में सभी विभागों से रिक्त पदों की जानकारी मांगी थी। इसके बाद सरकार ने डेढ़ लाख पदों पर भर्ती की अनुमति दे दी है। इन भर्तियों के साथ ही प्रदेश सरकार अपने कार्यकाल में 10 वर्षों में 10 लाख सरकारी नौकरियां देने का रिकॉर्ड भी कायम करेगी।
सूत्रों के अनुसार, सबसे अधिक भर्तियां पुलिस और शिक्षा विभाग में होंगी। वर्ष 2026 में पुलिस विभाग में करीब 50 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें 30 हजार सिपाही, 5 हजार सब-इंस्पेक्टर तथा करीब 15 हजार अन्य पद शामिल हैं। प्रदेश सरकार अब तक पुलिस विभाग में 2.19 लाख पदों पर भर्ती कर चुकी है।
इसी तरह शिक्षा विभाग में भी सहायक अध्यापक, प्रवक्ता, लेक्चरर, प्रधानाचार्य सहित लगभग 50 हजार पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया जाएगा।
राजस्व विभाग में लेखपाल समेत करीब 20 हजार पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसके अलावा स्वास्थ्य, आवास विकास, कारागार, बाल विकास पुष्टाहार सहित अन्य विभागों में भी लगभग 30 हजार पदों को भरा जाएगा।
गौरतलब है कि बीते साढ़े आठ वर्षों में प्रदेश सरकार विभिन्न विभागों में साढ़े आठ लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दे चुकी है। फिलहाल सभी संबंधित विभागों द्वारा भर्ती प्रक्रिया के लिए विज्ञापन जारी करने की कवायद तेज कर दी गई है। सरकार का दावा है कि आगामी भर्तियां पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएंगी, जिससे युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर मिल सकें।



















