भाजपा राष्ट्रीय परिषद के नामित सदस्य बनने पर पूर्व सांसद राघव लखन पाल का सहारनपुर में भव्य स्वागत


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद राघव लखन पाल को भाजपा की राष्ट्रीय परिषद का नामित सदस्य बनाए जाने पर सहारनपुर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। जानकारी मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया और उन्हें जुलूस के रूप में उनके निवास स्थान तक लेकर पहुंचे।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से राघव लखन पाल का जोरदार अभिनंदन किया और पार्टी के समर्थन में नारे लगाए। स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और शहरवासी मौजूद रहे।
इस अवसर पर राघव लखन पाल ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा उन्हें भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय परिषद में नामित सदस्य बनाया जाना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उनसे जो अपेक्षाएं रखी हैं, उन पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे और संगठन के एक-एक कार्यकर्ता को साथ लेकर चलेंगे।
उन्होंने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर विश्वास जताते हुए कहा कि भाजपा 350 से अधिक सीटें जीतकर एक बार फिर ऐतिहासिक विजय दर्ज करेगी। राघव लखन पाल ने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में पूर्व सांसद राघव लखन पाल ने सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी के प्यार और विश्वास के कारण ही आज उन्हें यह सम्मान प्राप्त हुआ है।







