सहारनपुर

वी ब्रॉस हॉस्पिटल विवाद में उबाल, कर्मचारियों का धरना—दिल्ली रोड पर हंगामा

 

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। सहारनपुर-दिल्ली रोड स्थित वी ब्रॉस हॉस्पिटल के बाहर आज सुबह उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब हॉस्पिटल कर्मचारियों ने अपने रुके हुए वेतन की मांग को लेकर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

जानकारी के अनुसार वी ब्रॉस हॉस्पिटल का संचालन पहले रूड़की निवासी अमित सैनी द्वारा किया जा रहा था। वर्ष 2024 में अमित सैनी ने यह हॉस्पिटल हरियाणा निवासी मस्तराम को किराये पर दिया था। हालांकि, मस्तराम का आरोप है कि उन्होंने हॉस्पिटल को खरीद लिया है और इसकी पूरी पेमेंट भी कर दी गई है। उनका कहना है कि जब हॉस्पिटल की रजिस्ट्री कराने का समय आया तो अमित सैनी ने उनके साथ धोखाधड़ी की।

मस्तराम ने यह भी आरोप लगाया कि हॉस्पिटल में आयुष्मान कार्ड के तहत कई मरीजों का इलाज किया गया, जिसकी सरकारी भुगतान राशि अमित सैनी द्वारा निकाल ली गई। इसके अलावा अमित सैनी ने हॉस्पिटल का बिजली कनेक्शन भी कटवा दिया, जिससे बीते करीब दस दिनों से हॉस्पिटल बंद पड़ा है।

हॉस्पिटल बंद होने के कारण कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल पा रहा है। मस्तराम का कहना है कि वर्तमान में उनके पास कर्मचारियों को वेतन देने के लिए कोई संसाधन नहीं है, इसी कारण कर्मचारी धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर हुए हैं।

धरना-प्रदर्शन की सूचना मिलते ही थाना सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस मामले की जानकारी लेकर दोनों पक्षों से बातचीत कर रही है। फिलहाल स्थिति शांत बनी हुई है, लेकिन विवाद के समाधान को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!