सहारनपुर

जमीनी व संपत्ति विवादों की रोकथाम को सहारनपुर पुलिस का विशेष अभियान, सी-प्लान एप से बीट स्तर पर सघन निगरानी

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने तथा जमीनी व संपत्ति विवादों के कारण उत्पन्न होने वाली संभावित बड़ी घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से सहारनपुर पुलिस द्वारा एक विशेष एवं लक्षित अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य विवादों की प्रारंभिक पहचान, समय रहते वैधानिक कार्रवाई तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखना है।

इस अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी थानों पर तैनात प्रत्येक बीट कांस्टेबल को अपनी-अपनी बीट में जमीनी एवं संपत्ति विवादों की जानकारी एकत्र करने के लिए सक्रिय किया गया है। बीट कांस्टेबल अपने क्षेत्र के नागरिकों से सी-प्लान एप के माध्यम से कॉल कर संवाद स्थापित कर रहे हैं, ताकि किसी भी प्रकार के विवाद की जानकारी प्रारंभिक स्तर पर ही प्राप्त की जा सके।

सी-प्लान एप के माध्यम से बीट क्षेत्र में संभावित या विद्यमान जमीनी व संपत्ति विवादों की जानकारी संकलित की जा रही है। किसी भी प्रकार का विवाद पाए जाने पर संबंधित थाने में बीट सूचना अंकित कराई जा रही है, जिससे रिकॉर्ड तैयार हो सके और उस पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

प्राप्त सूचनाओं के आधार पर थाना स्तर पर समयबद्ध एवं वैधानिक कार्रवाई पर विशेष जोर दिया जा रहा है। दोनों पक्षों को बुलाकर समझौते का प्रयास किया जा रहा है, वहीं राजस्व एवं अन्य संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यकतानुसार विधिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई कर विवाद को बढ़ने से रोका जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अक्सर जमीनी और संपत्ति विवाद छोटे स्तर से शुरू होकर गंभीर आपराधिक घटनाओं का रूप ले लेते हैं। इस विशेष अभियान के माध्यम से ऐसे विवादों की पूर्व पहचान कर समय रहते समाधान किया जा रहा है, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय या बड़ी घटना को रोका जा सके।

सहारनपुर पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में किसी भी प्रकार के जमीनी या संपत्ति विवाद की जानकारी बीट पुलिसकर्मी अथवा नजदीकी थाने को अवश्य दें और शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ऐसे जनोपयोगी अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!