संगठन पर्व के तहत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चुनाव में पंकज चौधरी के नामांकन में दिखी एकजुटता


शहरी चौपाल ब्यूरो
लखनऊ। संगठन पर्व के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर शनिवार को लखनऊ स्थित भाजपा कार्यालय में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक प्रस्तावक के रूप में उपस्थित रहे।
नामांकन प्रक्रिया के समय नगर सहारनपुर विधायक राजीव गुंबर भी मौजूद रहे और उन्होंने नामांकन में सहभागिता की। इस अवसर पर सहारनपुर महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई की उपस्थिति भी रही। नामांकन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद यह स्पष्ट हो गया कि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए केवल एक ही नामांकन दाखिल किया गया है।
शाम के समय नगर विधायक राजीव गुंबर एवं महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई ने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी गईं। पूरे कार्यक्रम के दौरान पार्टी में एकजुटता, अनुशासन और संगठनात्मक मजबूती का स्पष्ट संदेश देखने को मिला।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक सहित अनेक वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। पार्टी नेतृत्व की मौजूदगी ने संगठन पर्व को और अधिक प्रभावशाली बना दिया।







