हाईवे पर विशेष अभियान: तेज रफ्तार और नियम उल्लंघन पर 110 वाहन चालान, भारी वाहनों पर लगाई रिफ्लेक्टर टेप

शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से देहरादून–अम्बाला हाईवे पर विशेष यातायात अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर आशीष तिवारी के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक यातायात के पर्यवेक्षण में यातायात प्रभारी अमित तोमर ने टीम के साथ अभियान की कमान संभाली।

अभियान के दौरान हाईवे पर निर्धारित सीमा से अधिक गति से चलने वाले 110 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। वहीं, बिना नंबर प्लेट वाले भारी वाहनों के खिलाफ भी सख्ती दिखाते हुए चालान किए गए।
रात के समय दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली और भारी वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप भी लगाए गए, ताकि लंबी दूरी से वाहन स्पष्ट रूप से दिखाई दें।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई कर सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाना है।

पुलिस विभाग का कहना है कि जागरूकता और सख्त प्रवर्तन के माध्यम से जनपद में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।







