सशस्त्र झंडा दिवस पर सहयोग की अपील:
भारतीय सेना के शौर्य से प्रेरणा लेने की बात — शीतल टंडन


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सशस्त्र सेना झंडा दिवस (7 दिसंबर) की पूर्व संध्या पर उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल जिला इकाई की बैठक रेलवे रोड स्थित कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष शीतल टंडन ने की।
बैठक में उन्होंने समाज के सभी वर्गों से झंडा दिवस पर अधिक से अधिक धनराशि देकर सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी एवं जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अध्यक्ष मनीष बंसल के आह्वान पर व्यापार मंडल की सभी इकाइयाँ इस अभियान में स्वेच्छा से सहयोग कर रही हैं।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और व्यापारी प्रतिनिधियों ने विभाग से प्राप्त धन संग्रह गुल्लक लेकर शहर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। बड़ी संख्या में व्यापारियों ने सैन्य कर्मियों के कल्याण हेतु धनराशि देकर अपना योगदान दिया। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
शीतल टंडन ने कहा कि सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर एकत्र धनराशि से सेवारत सैन्य कर्मियों, पूर्व सैनिकों, शहीदों की पत्नियों और आश्रितों के कल्याण के कार्य किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने कठिन परिस्थितियों में शौर्य और अदम्य साहस का परिचय देकर विश्वभर में देश का सम्मान बढ़ाया है। 7 दिसंबर 1949 से मनाया जा रहा यह दिवस सैनिकों के त्याग, वीरता और समर्पण को सलाम करने का अवसर है।
बैठक में जिला महामंत्री रमेश अरोड़ा, कोषाध्यक्ष कर्नल संजय मिग्लानी, मेजर एस.के. सूरी, पवन कुमार गोयल, रमेश डाबर, अशोक पपनेजा, कृष्ण लाल मक्कड़, मुरली खन्ना, भोपाल सिंह सैनी, अशोक मक्कर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।







