मुख्यमंत्री देंगे उज्ज्वला लाभार्थियों को मुफ्त सिलेंडर रिफिल का तोहफा
प्रदेश की 1.86 करोड़ महिलाओं को योजना से मिला लाभ, दो चरणों में होगा वितरण


शहरी चौपाल ब्यूरो
लखनऊ,। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को लोकभवन सभागार में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत पात्र महिलाओं को मुफ्त सिलेंडर रिफिल का उपहार देंगे। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत मई 2016 में हुई थी, जिसने ग्रामीण भारत की रसोई को धुएं से मुक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस योजना से महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों में भी कमी आई है।
प्रदेश में अब तक 1.86 करोड़ परिवारों को उज्ज्वला कनेक्शन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। राज्य सरकार ने उज्ज्वला लाभार्थियों को प्रति वर्ष दो मुफ्त एलपीजी रिफिल देने का निर्णय लिया है। यह वितरण वित्तीय वर्ष 2025-26 में दो चरणों में किया जाएगा—पहला चरण अक्टूबर से दिसंबर 2025 तक और दूसरा चरण जनवरी से मार्च 2026 तक।
योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रदेश सरकार ने 1500 करोड़ रुपये की धनराशि का प्रावधान किया है। पहले चरण में आधार प्रमाणित लाभार्थियों को योजना का लाभ दिया जा रहा है। अब तक 1.23 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थियों का आधार प्रमाणन पूरा हो चुका है। वितरण की जिम्मेदारी तीनों ऑयल कंपनियों—इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम—को दी गई है। राज्य स्तरीय समन्वयकों द्वारा मांगी गई 346.34 करोड़ रुपये की अग्रिम धनराशि कंपनियों को पहले ही दी जा चुकी है, ताकि वितरण में किसी प्रकार की देरी न हो।
शिक्षामित्रों को दीपावली से पहले मिलेगा मानदेय
129 करोड़ रुपये की राशि जारी, जल्द खातों में पहुंचेगा भुगतान
प्रदेश के 1.30 लाख शिक्षामित्रों की दीपावली अब खुशियों भरी होगी। बेसिक शिक्षा विभाग ने सितंबर माह के मानदेय के लिए 129 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी कर दी है। यह राशि अगले एक-दो दिन में शिक्षामित्रों के खातों में भेज दी जाएगी।
प्रदेश के 4.50 लाख से अधिक शिक्षकों का वेतन पहले ही जारी किया जा चुका था, किंतु शिक्षामित्रों और अनुदेशकों का मानदेय लंबित था। समय पर बजट जारी न होने से शिक्षामित्र परेशान थे। इस पर राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी ने बजट जारी करते हुए सभी बीएसए को निर्देश दिए हैं कि भुगतान केवल पात्र शिक्षामित्रों को किया जाए और व्यय रिपोर्ट निदेशालय को भेजी जाए।इस कदम से शिक्षामित्रों में दीपावली से पहले राहत और उत्साह का माहौल है।



















