सहारनपुर

आपदा पीड़ितों के साथ खड़ा है उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी

सहारनपुर से पंजाब, हिमाचल और उत्तराखंड के लिए राहत सामग्री रवाना, हिमाचल-उत्तराखंड को 10 करोड़ की सहायता का ऐलान

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को सहारनपुर पहुंचे जहां उन्होंने आपदा प्रभावित राज्यों के लिए बड़ी राहत घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश को पांच-पांच करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान करेगी। उन्होंने सहारनपुर से पंजाब और हिमाचल प्रदेश के लिए तथा हल्द्वानी से उत्तराखंड के लिए राहत सामग्री से भरे ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और कहा कि लखनऊ ही नहीं बल्कि पूरा सहारनपुर भी आपदा पीड़ितों के साथ खड़ा है। मुख्यमंत्री ने जिले में आई आपदा से हुए नुकसान का सर्वे कराने के निर्देश दिए और भरोसा दिलाया कि प्रभावितों को जल्द ही मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।

 

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में उत्तर प्रदेश सरकार पड़ोसी राज्यों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में सांप और बिच्छू के काटने से यदि किसी की मृत्यु होती है तो परिजनों को तत्काल चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रभावित परिवारों की मदद के लिए सर्वे कार्य तेजी से पूरा किया जाएगा और किसी को भी मुआवजे से वंचित नहीं किया जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की कि संकट की घड़ी में सब एक-दूसरे की ताकत बनकर खड़े हों, यही भारतीय संस्कृति की पहचान है।

पंजाब के लिए भेजे गए राहत सामग्री के ट्रकों की जिम्मेदारी विधायक राजीव गुंबर को सौंपी गई जबकि हिमाचल प्रदेश के लिए मंत्री जसवंत सैनी और उत्तराखंड के लिए कैबिनेट मंत्री कुंवर बृजेश को यह जिम्मेदारी दी गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरसावा हवाई अड्डे से सीधे कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री का स्वागत मंत्री जसवंत सैनी और मंत्री कुंवर बृजेश ने बुके और शॉल भेंट कर किया। इसके बाद सहारनपुर के कमिश्नर अटल कुमार राय और डीआईजी अभिषेक सिंह ने प्रतिमा भेंट कर उनका स्वागत किया।

प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का स्वागत विधायक राजीव गुंबर और विधायक कीरत सिंह ने बुके और पटका पहनाकर किया। वहीं क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया का स्वागत विधायक देवेंद्र निम और विधायक मुकेश चौधरी ने बुके और पटका पहनाकर किया। मुख्यमंत्री के आगमन पर पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और प्रशासन ने कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।

मंच पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों में जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम, पूर्व सांसद राघव लखनपाल, पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी, महापौर डॉक्टर अजय सिंह, विधायक राजीव गुंबर, विधायक देवेंद्र निम, विधायक कीरत सिंह, विधायक मुकेश चौधरी, मंत्री जसवंत सैनी, मंत्री कुंवर बृजेश, जिला अध्यक्ष महेंद्र सैनी और महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button