शिक्षक दिवस पर गुरु के सम्मान में लगेगा ‘एक पेड़ गुरु के नाम’
पौधरोपण महाभियान-2025 के तहत लखनऊ व वाराणसी में होंगे विशेष कार्यक्रम

शहरी चौपाल ब्यूरो
लखनऊ। योगी सरकार ने जहां पौधरोपण महाभियान-2025 के तहत एक ही दिन में 37.21 करोड़ पौधे लगाकर नया कीर्तिमान बनाया, वहीं अब शिक्षक दिवस (5 सितंबर) पर गुरु के सम्मान में विशेष आयोजन किया जाएगा। ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ थीम के तहत प्रदेश के सभी वन प्रभागों में पौधारोपण कार्यक्रम होंगे।
लखनऊ के कुकरैल में स्मृति वाटिका में भारतीय वन सेवा के सेवानिवृत्त एवं वर्तमान अधिकारी पौधारोपण करेंगे। यहां अधिकारियों को स्मृति चिन्ह के रूप में पौधे भी भेंट किए जाएंगे। वहीं वाराणसी स्थित आईआईटी (बीएचयू) में भी ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान चलेगा।
मिशन निदेशक दीपक कुमार ने बताया कि गुरु के सम्मान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि पौधरोपण महाभियान-2025 के अंतर्गत इस वर्ष भी कई विशिष्ट वन स्थापित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जुलाई में अयोध्या से ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ थीम के साथ महाभियान का शुभारंभ किया था। एक ही दिन में 37,21,40,925 पौधे लगाकर उत्तर प्रदेश ने नया इतिहास रच दिया।