जीएसटी सुधारों का उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने किया स्वागत
12% और 28% स्लैब हुए समाप्त, कई वस्तुओं पर घटेगा कर भार

नितिन शर्मा
शहरी चौपाल ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में देश के सभी राज्यों के वित्त मंत्रियों की बैठक में अब तक के सबसे बड़े जीएसटी सुधार को मंजूरी दी गई। निर्णय के तहत 12% स्लैब की आवश्यक वस्तुओं को 5% में और 28% की कुछ वस्तुओं को 18% में समाहित कर 12% और 28% के स्लैब को समाप्त कर दिया गया है। वहीं विलासिता श्रेणी की वस्तुओं पर अब 40% जीएसटी लागू होगा।
सूत्रों के अनुसार ये निर्णय 22 सितंबर से लागू कर दिए जाएंगे। सुधारों से व्यापारियों और उद्यमियों को राहत मिलने के साथ उपभोक्ताओं को भी वस्तुओं के दाम घटने का सीधा लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त यह कदम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टैरिफ वार से निपटने में भी सहायक सिद्ध होगा।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल मुजफ्फरनगर ने सरकार के इस ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत किया है। संगठन के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताते हुए कहा कि यह सुधार जनहित में अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगे।
वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कंसल, नगर अध्यक्ष अजय कुमार सिंघल, जिला महामंत्री श्याम सिंह सैनी, नगर महामंत्री प्रवीण खेड़ा सहित सुलखान सिंह नामधारी, राकेश गर्ग, बाबूराम, दिनेश बंसल, अजय गुप्ता, अनिल तायल, अलका शर्मा, अंजू शर्मा, अनीशा भटनागर और अमित मित्तल ने इस निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए सरकार का अभिनंदन किया।