सहारनपुर
पुलिस मुठभेड़ में शातिर गौकश गिरफ्तार, तमंचा व बाइक बरामद

शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। थाना सरसावा पुलिस ने मंगलवार को मुठभेड़ के दौरान गौकशी के मुकदमों में वांछित शातिर गौकश भूरा उर्फ नफीस पुत्र अय्युब निवासी यमुनानगर (हरियाणा) को घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, दो जिंदा व दो खोखा कारतूस और बिना नम्बर की काली स्पलेण्डर मोटरसाइकिल बरामद की।
पुलिस के अनुसार ढिक्का कलां से मंढौर जाने वाले यमुना नदी पुस्ते पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान आरोपी पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश कर रहा था। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह घायल हो गया।
गिरफ्तार आरोपी पर सरसावा थाने में गौवध अधिनियम व आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। साथ ही यमुनानगर (हरियाणा) में भी उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में केस पंजीकृत हैं। आरोपी को उपचार के बाद अदालत में पेश किया जाएगा।