व्यापारी एकता व्यापार मंडल ने मनाया स्थापना दिवस, तीन वर्षों की उपलब्धियों पर डाला प्रकाश

शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, पश्चिमी व्यापारी एकता व्यापार मंडल ने मंगलवार को सहारनपुर स्थित अपने कार्यालय पर स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। बता दें कि मंडल की स्थापना 2 सितंबर 2022 को प्रदेश अध्यक्ष हरपाल सिंह वर्मा और प्रदेश महासचिव अनुज गुप्ता के नेतृत्व में हुई थी। तीन वर्षों में संगठन ने व्यापारी वर्ग की आवाज़ को मजबूती से उठाया और हजारों व्यापारी बंधु इससे जुड़ चुके हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों एवं व्यापारियों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष हरपाल सिंह वर्मा ने कहा कि व्यापारी किसी भी समाज की रीढ़ होते हैं। व्यापारी वर्ग का उत्पीड़न न अतीत में बर्दाश्त किया गया और न ही भविष्य में बर्दाश्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंडल का मूल उद्देश्य व्यापारी वर्ग को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना और उसकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान कराना है।
प्रदेश महासचिव अनुज गुप्ता ने कहा कि तीन वर्षों में व्यापार मंडल ने सैकड़ों व्यापारियों की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर समाधान कराया है। जब भी कोई व्यापारी संकट में आया, संगठन ने तुरंत अपनी टीम भेजकर उसका सहयोग किया। इस कारण व्यापारी वर्ग का आत्मविश्वास बढ़ा है और वे अब भयमुक्त महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में मंडल का विस्तार तेज़ी से किया जाएगा और हर जिले, हर कस्बे और हर गांव तक इसकी पहुंच बनाई जाएगी ताकि व्यापारी अपनी समस्या नज़दीक ही साझा कर सके।
स्थापना दिवस कार्यक्रम में प्रदेश, जिला और नगर इकाई के पदाधिकारीगण सहित मुजफ्फरनगर और रामपुर मनिहारान से आए व्यापारियों ने भी भाग लिया। इस अवसर पर भारती भानु एडवोकेट, रवि कुमार, अखिल प्रसाद, हाजी शमशेर, अजमत अली, राकेश वर्मा, विनोद वर्मा, वीरेंद्र गुप्ता, आशीष, विनय जैन, शांतनु शर्मा, प्रवीण सैनी, हरप्रीत सिंह, सनी विजय मल्होत्रा, रोहित अग्रवाल, राघव गर्ग, संजय वर्मा, मनोज वर्मा, विकास वर्मा, संदीप जैन, धर्मेंद्र तोमर समेत अनेक पदाधिकारी व व्यापारी बंधु मौजूद रहे।
स्थापना दिवस पर मंडल ने संकल्प लिया कि व्यापारी वर्ग की सुरक्षा, सम्मान और समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।