ट्रैफिक व्यवस्था को मिलेगी मजबूती, नगर निगम ने पुलिस को सौंपा रिकवरी व्हीकल

शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नगर निगम ने अहम कदम उठाया है। महापौर डॉ. अजय कुमार ने शुक्रवार को नगर निगम के नवनिर्मित गैराज से ट्रैफिक पुलिस को एक आधुनिक रिकवरी व्हीकल सौंपा। उन्होंने विधिवत हरी झंडी दिखाकर वाहन का लोकार्पण किया।
यह रिकवरी व्हीकल कार से लेकर टाटा-407 तक के वाहनों को उठाने में सक्षम है। शहर की प्रमुख सड़कों, बाजारों और गलियों में आड़ी-तिरछी खड़ी गाड़ियों और अवैध पार्किंग पर अब लगाम लग सकेगी।
कार्यक्रम में महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि सहारनपुर एक विकसित होता हुआ महानगर है, जहां तेजी से बढ़ते वाहनों के कारण गलत पार्किंग और जाम की समस्या आम हो चुकी है। इस रिकवरी व्हीकल के जुड़ने से पुलिस को बड़ी राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था को सुधारने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम पुलिस विभाग के साथ मिलकर शहर को व्यवस्थित और सुचारु यातायात देने के लिए लगातार प्रयासरत है।
इस मौके पर ट्रैफिक सीओ शैलेंद्र प्रताप चौहान और अमित तोमर को वाहन की चाबी सौंपी गई। सीओ चौहान ने नगर निगम का आभार जताते हुए कहा कि यह वाहन ट्रैफिक प्रबंधन को और मजबूत बनाएगा।
इससे पहले अधिशासी अभियंता वी.बी. सिंह ने रिकवरी व्हीकल की तकनीकी जानकारी दी। कार्यक्रम में मुख्य अभियंता बी.के. सिंह, अधिशासी अभियंता आलोक श्रीवास्तव, एई विपुल कुमार, दल नेता दिग्विजय चौहान, उपसभापति मयंक गर्ग, पार्षद चौ. वीरसैन सिद्धू, मोहर सिंह और पार्षद प्रतिनिधि राकेश कल्याण सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।