सहारनपुर के अंकुर गोयल ने एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण
अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन ने किया भव्य सम्मान

शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उज़्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में आयोजित एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में सहारनपुर के अंकुर गोयल ने 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल जिले बल्कि पूरे प्रदेश और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है।
इस स्वर्णिम अवसर पर अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन सहारनपुर ने अंकुर गोयल का सम्मान किया। सम्मान समारोह में जिलाध्यक्ष दिनेश गुप्ता, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य पंकज गर्ग, महानगर अध्यक्ष बृजेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष प्रीतम गोयल, महामंत्री रंजन गुप्ता एवं शरद गुप्ता सहित समाज के कई गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाध्यक्ष दिनेश गुप्ता ने कहा कि “अंकुर की यह जीत केवल सहारनपुर ही नहीं बल्कि पूरे वैश्य समाज और भारत के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से नई ऊँचाइयाँ हासिल की हैं और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा बने हैं।”
इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद से ही अंकुर खेलों में सक्रिय रहे हैं। इससे पहले भी वे कई बार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर अपने गाँव कर्पूरी और जिले का नाम रोशन कर चुके हैं। स्वर्ण पदक की इस उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदार और दोस्तों में ख़ुशी का माहौल है। हर कोई उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहा है।