मनीषा को न्याय दिलाने के लिए कैंडल मार्च, महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उठी आवाज

शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर।सामाजिक न्याय और महिला अधिकारिता बोर्ड नई दिल्ली के पूर्व महानिदेशक एवं राष्ट्रीय शोषित दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. एन.पी. आनन्द ने कहा कि आजादी के 76 वर्ष बाद भी महिलाओं का शोषण बदस्तूर जारी है, जो बेहद चिंता का विषय है। उन्होंने सरकार से महिलाओं की सुरक्षा के लिए कठोर कानून बनाने की मांग की।
डॉ. आनन्द ने मनीषा हत्याकांड के दोषियों को सख्त सजा दिलाने की मांग को लेकर सोनिया विहार कॉलोनी से घंटाघर तक कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भागीदारी की।
उन्होंने कहा कि आज भी देश में हर दिन महिलाओं के खिलाफ हिंसा, उत्पीड़न और दुष्कर्म की घटनाएं सामने आ रही हैं। कई मामलों में सामाजिक दबाव और पारिवारिक सहयोग न मिलने से पीड़िताओं को न्याय नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि मनीषा के दोषियों को शीघ्र सजा दिलाई जानी चाहिए ताकि समाज में संदेश जाए कि अपराधी किसी भी हाल में बख्शे नहीं जाएंगे।