मेजर ध्यानचंद जयंती पर सीएम योगी का नमन
बोले– खेल अनुशासन, टीमवर्क और राष्ट्र समर्पण की भावना जगाते हैं

राष्ट्रीय खेल दिवस पर 88 पदक विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मान, प्रशिक्षकों को नियुक्ति पत्र
लखनऊ। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, समन्वय और टीमवर्क की भावना जगाकर राष्ट्र के प्रति समर्पण को प्रज्जवलित करते हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के 88 पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया और सहायक खेल प्रशिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
मेजर ध्यानचंद की स्मृतियों को किया नमन
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब मेजर ध्यानचंद का नाम आता है तो हर भारतीय के मन में हॉकी की स्टिक नजर आती है। तीन ओलंपिक (1928, 1932 और 1936) में स्वर्ण पदक दिलाकर उन्होंने भारत को वैश्विक पहचान दिलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का सर्वोच्च खेल रत्न पुरस्कार उनके नाम पर समर्पित किया गया। प्रदेश के लिए यह गर्व की बात है कि मेजर ध्यानचंद की जन्मभूमि यहीं है। मेरठ में प्रदेश की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी भी उनके नाम पर स्थापित की गई है।
खेलों में नई क्रांति
मुख्यमंत्री ने मोहम्मद शाहिद हॉकी स्टेडियम में हॉकी मैच का अवलोकन किया और कहा कि खेलो इंडिया से लेकर फिट इंडिया मूवमेंट तक, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में खेलों में नई क्रांति आई है। नई खेल नीति से खिलाड़ियों को मंच, कोच और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर मिल रहा है।
ग्राम पंचायत से जनपद तक खेल ढांचा
सीएम ने बताया कि हर कमिश्नरी में स्पोर्ट्स कॉलेज और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जा रहे हैं। हर ग्राम पंचायत में खेल का मैदान, प्रत्येक विकासखंड पर मिनी स्टेडियम और हर जनपद में स्टेडियम का निर्माण युद्धस्तर पर जारी है। ओपन जिम, युवक मंगल दल व महिला मंगल दल को स्पोर्ट्स किट उपलब्ध कराई जा रही है।
यूपी की हॉकी विरासत पर गर्व
योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने हॉकी में मेजर ध्यानचंद, केडी सिंह ‘बाबू’, मोहम्मद शाहिद से लेकर वंदना कटारिया और ललित उपाध्याय जैसे दिग्गज खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने प्रदेश व देश का मान बढ़ाया। पेरिस ओलंपिक में मेडल जीतने वाले ललित उपाध्याय और राजकुमार पाल भी यूपी की ही देन हैं।
खेल से बनता है सशक्त भारत
सीएम ने कहा कि खाली दिमाग शैतान का घर होता है। खेलकूद से जुड़ने पर राष्ट्र के प्रति समर्पण, स्वस्थ शरीर और मजबूत मस्तिष्क विकसित होता है। उन्होंने घोषणा की कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक देशभर में सांसद खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी।
खिलाड़ियों को मिल रहा रोजगार
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी में 2 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है। अब तक 500 से अधिक खिलाड़ी विभिन्न विभागों में नौकरी पा चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खेल सचिव सुहास एल. वाई. स्वयं पैरालंपिक मेडलिस्ट हैं और खिलाड़ियों के हित में नीतिगत सुधार कर रहे हैं।
सीएम ने उठाई हॉकी स्टिक, दिलाई फिटनेस की शपथ
कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने हॉकी स्टिक उठाकर शॉट लगाया और स्टेट हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों को फिट रहने की शपथ दिलाई—“मैं खुद को फिट, मानसिक रूप से मजबूत और भावनात्मक रूप से संतुलित रखूंगा और अपने परिवार व मित्रों को खेल व फिटनेस गतिविधियों के लिए प्रेरित करूंगा।”
खिलाड़ियों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि
- ओलंपिक: एकल स्वर्ण ₹6 करोड़, रजत ₹4 करोड़, कांस्य ₹2 करोड़; टीम स्वर्ण ₹3 करोड़, रजत ₹2 करोड़, कांस्य ₹1 करोड़।
- एशियन गेम्स: स्वर्ण ₹3 करोड़, रजत ₹1.5 करोड़, कांस्य ₹75 लाख।
- कॉमनवेल्थ गेम्स: स्वर्ण ₹1.5 करोड़, रजत ₹75 लाख, कांस्य ₹50 लाख।
- नेशनल/स्टेट गेम्स: एकल स्वर्ण ₹6 लाख, रजत ₹3 लाख, कांस्य ₹2 लाख; टीम स्वर्ण ₹2 लाख, रजत ₹1 लाख, कांस्य ₹50 हजार।
सीएम योगी ने किए कई विकास कार्यों का लोकार्पण
- आजमगढ़ स्पोर्ट्स स्टेडियम छात्रावास भवन का जीर्णोद्धार
- बस्ती स्पोर्ट्स स्टेडियम छात्रावास भवन का लोकार्पण
- पीलीभीत के बहुउद्देशीय क्रीड़ाहाल का जीर्णोद्धार
- गोरखपुर वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में इंडोर वॉलीबाल हॉल का जीर्णोद्धार
- बांदा स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिम उपकरणों की स्थापना
- मऊ में सिंथेटिक हॉकी मैदान का निर्माण कार्य